हरियाणा के चरखी दादरी में 16 वर्षीय छात्रा के साथ हुई हैवानियत ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के संगीन मामले में न्याय की मांग को लेकर 27 फरवरी को रोहतक पीजीआई (PGI) परिसर में पंचायत का आयोजन किया जा रहा है। पीड़ित परिवार का साफ कहना है कि जब तक उनकी बेटी के हत्यारे सलाखों के पीछे नहीं होंगे, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस घोषणा के बाद प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
दोषियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से इनकार
मृतक छात्रा के पिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने रोहतक पीजीआई में मीडिया से बात कर कहा कि घटना के कई दिन बीतने के बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। पिता ने चेतावनी दी है कि जब तक न्याय नहीं मिलता वे बेटी की देह को अस्पताल से नहीं उठाएंगे। आज होने वाली महापंचायत में ही आगामी आंदोलन और रणनीति पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
स्कूल से रोल नंबर लेने गई थी छात्रा
यह पूरी घटना 24 फरवरी की है, 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा हरियाणा बोर्ड की परीक्षाओं के लिए अपना रोल नंबर लेने स्कूल गई थी। परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार स्कूल में उसकी एक सहेली ने उसे बहला-फुसलाकर दादरी ले जाने का झांसा दिया। आरोप है कि वहां एक गाड़ी में पहले से मौजूद चार युवकों ने छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, दरिंदों ने छात्रा को कोई जहरीला पदार्थ भी खिला दिया ताकि वह किसी को कुछ बता न सके।
पार्क में बेसुध मिली, इलाज के दौरान तोड़ा दम
चरखी दादरी के बस स्टैंड पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि 'रोज गार्डन' में एक लड़की बेहोशी की हालत में पड़ी है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो छात्रा की स्थिति बेहद नाजुक थी। उसे तुरंत स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। अस्पताल में जीवन और मौत की जंग लड़ते हुए आखिरकार छात्रा ने दम तोड़ दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम ने वारदात वाली जगह का बारीकी से मुआयना किया। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने मृतका के पिता के बयानों के आधार पर सामूहिक दुष्कर्म, हत्या और पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा, हालांकि परिजनों का सब्र अब जवाब दे रहा है।
स्थानीय लोगों में भारी रोष
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भारी रोष है। रोहतक पीजीआई में होने वाली पंचायत में विभिन्न सामाजिक संगठनों और खाप प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। लोगों का कहना है कि प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। इस मामले ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है।
फिलहाल सबकी नजरें रोहतक पीजीआई में होने वाली इस पंचायत पर टिकी हैं। प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती परिजनों को समझाने और आरोपियों को जल्द से जल्द दबोचने की है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










