haribhoomi hindi news
होटल में गुप्त सूचना के आधार पुलिस ने औचक छापेमारी कर 14 युवक-युवतियों को पकड़ा और चेतावनी दी कि दोबारा यहां दिखे तो बख्शा नहीं जाएगा। रेड के दौरान शक था कि यहां अनैतिक गतिविधियां हो रही है।

Kaithal Hotel Red:  कैथल पुलिस ने शहर के सनसिटी एरिया के सामने स्थित एक नामी होटल में औचक छापेमारी की। इस दौरान होटल के कमरों से 14 लड़के और लड़कियां पकड़े गए। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में अनैतिक गतिविधियां और नाबालिगों का आना-जाना लगा रहता है। सिविल लाइन थाना और महिला थाना की संयुक्त टीम ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

होटल में अनैतिक कार्य होने की मिली सूचना
सिविल लाइन थाना एसएचओ रामनिवास ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि 'सम्राट' नामक होटल में अनैतिक कार्य हो रहे हैं और स्कूल जाने वाली नाबालिग लड़कियां वहां लड़कों के साथ आती हैं। इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने भारी बल के साथ होटल की घेराबंदी की और कमरों की तलाशी ली।

पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ा
छापेमारी के दौरान करीब आधा दर्जन से ज्यादा प्रेमी जोड़े मौके पर मिले। हालांकि, जांच में कोई भी लड़की नाबालिग नहीं पाई गई और न ही बाहरी महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार करवाने जैसा कोई सबूत मिला। पुलिस ने सभी युवक-युवतियों को होटल से बाहर निकाला और उन्हें कड़ी चेतावनी दी। एसएचओ ने मौके पर मौजूद युवाओं को समझाते हुए कहा, "ऐसे कामों से परिवार की बदनामी होती है। आज चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है, लेकिन अगर दोबारा यहां दिखे तो बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

होटल मालिक को भी सख्त हिदायत
पुलिस ने केवल युवाओं को ही नहीं, बल्कि होटल मालिक को भी आड़े हाथों लिया। पुलिस की ओर से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि होटल में किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधि को बढ़ावा न दिया जाए। यदि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो होटल का लाइसेंस रद्द करने और मालिक के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7