Logo
election banner
यमुनानगर में चौ. देवीलाल आयुर्वेदिक अस्पताल एवं कॉलेज के सामने सफेदे के खेत में एक 40 वर्षीय व्यक्ति का अधजला शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आंशका है। हाथ पर अजय व कोमल अंकित है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

यमुनानगर। चौधरी देवी लाल आयुर्वेदिक अस्पताल एवं कॉलेज के सामने खेतों में 40 वर्षीय व्यक्ति का अधजला शव मिला है। हत्यारों ने व्यक्ति की पहले सिर में चोट मारकर हत्या की। इसके बाद उसके शव को कपड़ों में बांधकर खेतों में फेंक आग लगाकर जलाने का प्रयास किया गया। व्यक्ति का शव उल्टा पड़ा हुआ था। उसका पिछला हिस्सा जला हुआ था। मृतक के हाथ पर अजय व कोमल लिखा हुआ है। सूचना मिलने पर शहर जगाधरी थाना प्रभारी नरेंद्र राणा, पुलिस बल व सीन ऑफ क्राइम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने उसकी शिनाख्त नहीं की।

कपड़े में बंधा पड़ा था शव 

पुलिस ने खेतों के चौकीदार बूड़िया निवासी राकेश कुमार के बयान पर अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बूड़िया निवासी राकेश कुमार ने बताया कि चौधरी देवी लाल आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल के सामने मॉडल टाउन निवासी विकास कुमार की जमीन है। कुछ हिस्से में सफेदे के पेड़ लगाए हुए है। वीरवार दोपहर बाद वह खेतों में पानी दे रहा था। शाम करीब चार बजे वह चाय पीने के लिए खेत से चलने लगा। जब वह सफेदे के पेड़ वाले खेत में पहुंचा तो उसने देखा कि कपड़ों में बंधा हुआ एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। शव को मुंह से लेकर पांव तक कपड़े में बांधा हुआ था। ऊपर से वह जला हुआ था।

पहले पुतला समझा, पास जाने पर हुआ खुलासा

राकेश कुमार ने बताया कि पहले उसने इसे पुतला समझा, लेकिन उसने कॉलेज के पास चाय बेचने वाले रिखीराम को मौके पर बुलाया। जब उन्होंने उसकी जांच की तो वह व्यक्ति का शव निकला। इसकी सूचना उन्होंने पहले खेत मालिक को दी। इसके बाद पुलिस को। सूचना मिलने पर शहर जगाधरी थाना प्रभारी नरेंद्र राणा, बूड़िया गेट चौकी प्रभारी अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव पर बंधे कपड़ों को खोला। जांच करने पर मृतक व्यक्ति के सिर पर चोट लगी हुई थी। सिर से खून बह रहा था। पेट व कमर पर रस्सी के बांधने के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। माना जा रहा है कि व्यक्ति के सिर में चोट मारकर हत्या की गई। उसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए सफेदे के पेड़ों वाले खेत में लाकर जलाने का प्रयास किया गया।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

शहर जगाधरी थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह राणा का कहना है कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसकी शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। मृतक के हाथ पर अजय व कोमल लिखा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जिससे कुछ अहम सुराग मिल सके।

 

5379487