Logo
election banner
राज्यसभा सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने घर-घर कांग्रेस अभियान शुरु करने से पहले अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। उन्होंने हरियाणा में सद्भावना व भाईचारा कायम रखने की कामना की।

Haryana: राज्यसभा सांसद दीपेन्द्र हुड्डा 16 जनवरी को रोहतक से घर-घर कांग्रेस अभियान शुरु करने जा रहे है। अभियान शुरू करने से पहले वह अयोध्या में रामलला की पूजा-अर्चना करने पहुंचे। उन्होंने पवित्र सरयू नदी में स्नान किया और भगवान रामलला के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दीपेन्द्र हुड्डा ने समस्त हरियाणावासियों की ओर से भगवान राम से प्रार्थना की कि प्रदेश में शांति और भाईचारा बना रहे। उन्होंने भगवान राम से हरियाणा की जनता की सेवा करने का आशीर्वाद भी मांगा।

भगवान राम सभी के, करोड़ों लोगों के मन में बसे 

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भगवान राम सबके हैं और करोड़ों लोगों के मन में बसते हैं। वह 2005 में राजनीति में आए, तब से लेकर आज तक हजारों जनसभाएं, रैली की और हर रैली, सभा में मौजूद जनमानस का अभिवादन राम-राम से किया। आज उन्होंने भगवान राम से प्रार्थना की कि देश में अमन और भाईचारे का वातावरण बना रहे। पारस्परिक सद्भावना के साथ हर देशवासी स्वस्थ और प्रसन्न रहें। भगवान राम की कृपा से समस्त भारतवासी महंगाई, बेरोजगारी और नशे जैसी बुराईयों से मुक्त होकर शांति के साथ अपना जीवन व्यतीत करें।

हरियाणा के हर व्यक्ति के अंदर बसे हैं राम

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हरियाणा वो प्रदेश है जहां परस्पर अभिवादन भी राम-राम के साथ करते हैं। किसान-मजदूर, व्यापारी सभी अपने काम की शुरुआत राम का नाम लेकर करते हैं। राम की कृपा से ही इस बार हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी। लोगों के घर-घर जाकर उन्हें कांग्रेस की नीतियों से अवगत करवाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य भी यही है कि लोगों को भाजपा की नीतियों से छुटकारा मिल सके और हरियाणा को दोबारा प्रगति के पथ पर अग्रसर किया जा सके। रामलला के दर्शन करने के दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, फरीदाबाद विधायक नीरज शर्मा, कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग की चेयरमैन सुप्रिया श्रीनेत सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

5379487