Karnal Mandi: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने करनाल अनाज मंडी का दौरा कर किसानों और आढ़तियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण आज किसान अपने ही देश में अपराधी जैसा महसूस कर रहा है। हुड्डा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, कर्ज और शिक्षा प्रणाली को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
सरकार की बायोमेट्रिक जैसी नीतियों से किसान परेशान
मंडी में किसानों से बातचीत करते हुए हुड्डा ने कहा कि 'मेरी फसल-मेरा ब्यौरा', गेटपास और बायोमेट्रिक जैसी जटिल प्रक्रियाएं सिर्फ किसानों को परेशान करने के लिए बनाई गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर ऐसी स्थिति पैदा कर रही है ताकि किसान अपनी फसल एमएसपी से कम दाम पर बेचने को मजबूर हो जाए। उन्होंने फसल के नुकसान के लिए तुरंत मुआवजे की मांग की।
5 लाख करोड़ के कर्ज में डूबा प्रदेश
हुड्डा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि साल 2014 तक हरियाणा पर 70 हजार करोड़ का कर्ज था, जो भाजपा के शासन में बढ़कर 5 लाख करोड़ के करीब पहुंच गया है। उन्होंने सोशल प्रोग्रेसिव इंडेक्स का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा आज देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है, जहां 50 से अधिक संगठित गिरोह सक्रिय हैं।
बच्चों का भविष्य अंधकार में डूबा
दो आईएएस अधिकारियों के निलंबन पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि प्रदेश में घोटालों की लंबी लिस्ट है, जिनमें से कुछ ही सामने आ पाते हैं। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार प्राइमरी स्कूल बंद कर रही है और जहां स्कूल हैं, वहां शिक्षक जनगणना जैसे अन्य कार्यों में व्यस्त हैं, जिससे बच्चों का भविष्य अंधकार में है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।