Haryana Police Social Media Action: हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सोशल मीडिया पर गन कल्चर, अश्लीलता और भ्रामक कंटेंट परोसने वालों के खिलाफ निर्णायक जंग छेड़ दी है। डीजीपी ने साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और अभद्र भाषा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने कंटेंट
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से 10 अप्रैल 2026 के बीच कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कुल 6,083 कंटेंट और ऐप्स को हटवाया गया है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप (मेटा): 4,278 कंटेंट,यूट्यूब: 1,172 वीडियो डिलीट,एक्स (ट्विटर): 372 यूआरएल पर कार्रवाई,अन्य एप : टेलीग्राम, रेडिट और स्नैपचैट पर भी बड़ी कार्रवाई की गई।
गन कल्चर और अभद्रता पर जीरो टॉलरेंस
DGP अजय सिंघल ने स्पष्ट किया कि हथियारों का महिमामंडन, महिलाओं का अश्लील प्रदर्शन और बच्चों का अभद्र चित्रण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस मुद्दे पर बेहद गंभीर हैं और प्रदेश में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कंटेंट क्रिएटर्स को चेतावनी
डीजीपी ने प्रदेश की छवि खराब करने वाले 'फेक कंटेंट' पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हरियाणा के लोग शांतिप्रिय और मेहनती हैं, ऐसे में कुछ लोग हरियाणवी समाज की गलत छवि पेश कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स से अपील की कि वे जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करें, अन्यथा कानून के तहत जेल की हवा खानी पड़ सकती है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।