Logo
हरियाणा में 7,596 ग्रुप-डी पदों पर मेगा भर्ती की तैयारी। HSSC जल्द CET 2026 आवेदन पोर्टल करेगा लाइव। SC आरक्षण वर्गीकरण लागू, जानें पूरी डिटेल।

हरियाणा में सरकारी नौकरी की राह देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। नायब सैनी सरकार प्रदेश में ग्रुप-डी के रिक्त पदों को भरने के लिए एक मेगा भर्ती अभियान शुरू करने जा रही है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने इसके लिए तैयारियां तेज कर दी हैं और जल्द ही कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने वाली है।

ग्रुप-डी के लिए जल्द खुलेगा पोर्टल 
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने स्पष्ट किया है कि ग्रुप-डी भर्ती के लिए सीईटी आवेदन पोर्टल किसी भी वक्त लाइव हो सकता है। आयोग वर्तमान में अमेंडमेंट नोटिफिकेशन (संशोधन अधिसूचना) की प्रतीक्षा कर रहा है, जिसके मिलते ही पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। चेयरमैन ने युवाओं को सलाह दी है कि वे अंतिम समय की आपाधापी से बचने के लिए अभी से अपने सभी जरूरी कागजात दुरुस्त कर लें।

साढ़े 7 हजार से ज्यादा पदों पर होगी सीधी भर्ती 
मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व वाली सरकार ने पहले ही ग्रुप-डी के लगभग 7,500 पदों पर भर्ती करने का इरादा साफ कर दिया था। ताजा जानकारी के अनुसार कुल 7,596 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। खास बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट के हालिया दिशा-निर्देशों के बाद हरियाणा में अनुसूचित जाति (SC) आरक्षण का वर्गीकरण लागू कर दिया गया है। इसके तहत कुल पदों में से 1,209 पद वंचित अनुसूचित जाति (DSC) और अन्य अनुसूचित जाति (OSC) के अभ्यर्थियों के लिए विशेष रूप से आरक्षित किए गए हैं। 

उम्मीदवारों के लिए आयोग की स्पेशल एडवायजरी 
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के लिए HSSC ने अभ्यर्थियों के लिए चार महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं।  
1. दस्तावेजों की तैयारी: आवेदन करने से पहले सभी शैक्षणिक और आरक्षण संबंधी सर्टिफिकेट तैयार रखें। 
2. स्वयं भरें फॉर्म: साइबर कैफे या किसी अन्य व्यक्ति के भरोसे रहने के बजाय अपना आवेदन खुद भरें। 
3. सावधानी: फॉर्म भरते समय हर जानकारी को बारीकी से जांचें ताकि बाद में रिजेक्शन न हो। 
4. समीक्षा: फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट निकालें और दी गई जानकारियों को दोबारा ध्यान से पढ़ें।

ग्रुप-सी के आवेदकों को भी जोड़ा जाए  
आयोग के अनुमान के मुताबिक ग्रुप-डी की इस परीक्षा के लिए युवाओं में भारी उत्साह है। माना जा रहा है कि केवल ग्रुप-डी के लिए ही करीब 17 लाख उम्मीदवार पंजीकरण करा सकते हैं। यदि इसमें ग्रुप-सी के आवेदकों को भी जोड़ दिया जाए, तो कुल अभ्यर्थियों का आंकड़ा 31 लाख के पार जाने की उम्मीद है।

रिक्त पदों का ब्यौरा जुटा रही सरकार 
मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से सभी विभागों के प्रमुखों को पत्र लिखकर रिक्त पदों की नवीनतम जानकारी मांगी गई है। साल 2023 और 2024 की भर्तियों के बाद जो पद खाली रह गए हैं या नए सृजित हुए हैं, उन्हें इस नई भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। विभागों से रिपोर्ट मिलते ही बचे हुए युवाओं की नियुक्ति और नई भर्ती का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ। 

5379487