Gurugram Banquet Hall Fire: गुरुग्राम में आज प्रकाश वाटिका बैंक्वेट हॉल में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Gurugram Banquet Hall Fire: गुरुग्राम के सेक्टर-5 में शीतला माता मंदिर रोड पर स्थित प्रकाश वाटिका बैंक्वेट हॉल में आज सुबह करीब 3 बजकर 15 मिनट पर आग लग गई, इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरा हॉल उसकी चपेट में आ गया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद आग पर काबू पाने कि प्रक्रिया शुरू की गई। फिलहाल  पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। 

शादियों के सीजन में प्रकाश वाटिका बैंक्वेट हॉल में भारी मात्रा में कपड़े का टेंट, थर्मोकोल की सजावट और प्लास्टिक की लाइटिंग का काम किया गया था। बैंक्वेट हॉल में हादसे के वक्त ज्वलनशील चीजों की वजह से कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग की लपटे इतनी तेज थीं कि उन्हें काफी दूर तक भी देखा जा सकता था।

शॉर्ट सर्किट हो सकती है वजह-पुलिस

मामले के बारे में पता लगने पर फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गई। इसके अलावा पुलिस ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए आसपास के रास्ते भी बंद कर दिए। टीम ने मिलकर कड़ी मशक्कत से करीब सुबह 7 बजे आग पर काबू पाया है।

शुरूआती जांच में अधिकारियों ने संभावना जताई है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग सकती है। हालांकि अब तक आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। गनीमत रही कि हादसे के वक्त हॉल में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हादसे के वक्त धमाका भी हुआ

पूछताछ के दौरान आसपास के लोगों ने बताया कि आग लगने के तुरंत बाद जोरदार धमाके भी सुने गए थे, संभावना है कि गैस सिलेंडर या इलेक्ट्रिकल उपकरणों में ब्लास्ट की वजह से ऐसा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल वाले इलाके को सील कर दिया गया है, और ट्रैफिक भी डायवर्ट कर दिया गया। संभावना जताई जा रही है कि हादसे में लाखों का नुकसान हुआ है, वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।   

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए  haribhoomi.com के साथ।