Logo
election banner
Gurmeet Ram Rahim: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की 50 दिन की पैरोल अवधि खत्म होने जा रही है। किसी भी वक्त रोहतक की सुनारिया जेल में सरेंडर कर सकता है। हनीप्रीत ने अपने गुरु पापा के लिए खास मैसेज दिया है।

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की 50 दिन की पैरोल अवधि अब खत्म होने जा रही है। वे आज देर रात या फिल कल शाम पांच बजे तक जेल में सरेंडर करना होगा। उनकी वापसी से पहले उनकी धर्म बेटी हनीप्रीत ने एक मैसेज लिखा है, जिसमें उन्होंने समाज कल्याण के लिए 'गुरु पापा' का आभार जताया है।

हनीप्रीत इंसा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके विकास को सुनिश्चित करने के लिए संत गुरुमीत राम रहीम सिंह जी इंसान ने मातृत्व का सम्मान, आशीर्वाद, दुख मुक्त यात्रा, आत्मरक्षा प्रशिक्षण आदि जैसे कई कार्य शुरू किए हैं, जिन्होंने कई महिलाओं को नया जीवन दिया है और परिवर्तन की लहर पैदा की है। उन्होंने आगे लिखा कि समाज में क्रांतिकारी बदलाव लाने के में प्रेरक शक्ति बनने के लिए गुरु पापा को धन्यवाद।

जनवरी में मिली थी 50 दिन की पैरोल 

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो गुरमीत राम रहीम को 19 जनवरी को 50 दिन की पैरोल मिली थी। यह पैरोल अवधि 10 मार्च को समाप्त होने जा रही है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स के हवाले से बताया जा रहा है कि राम रहीम आज रात तक जेल में सरेंडर कर सकता है। कारण यह है कि पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने आदेश दे रखा है कि पैरोल अवधि तत्काल खत्म होते ही राम रहीम को रोहतक की सुनारिया जेल में सरेंडर करना होगा। चूंकि राम रहीम को बार-बार पैरोल दिए जाने से हाईकोर्ट नाराज है, लिहाजा आज ही जेल में सरेंडर कर सकता है।

11 मार्च को होगी सुनवाई

राम रहीम को अभी तक नौ बार पैरोल मिल चुकी है। करीब एक सप्ताह पहले इस मामले पर सुनवाई करते हुए पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को चेताया था कि आगे से राम रहीम को पैरोल पर रिहा करने से पहले कोर्ट से सलाह मशवरा अवश्य कर लें। साथ ही, हाईकोर्ट ने सरकार से हलफनामा मांगा था कि राम रहीम जैसे अपराधियों को कितनी बार पैरोल पर रिहा किया गया है। इस पर 11 मार्च को सुनवाई होनी है। दो साल की सजा में 234 दिनों की पैरोल गुरमीत राम रहीम जेल जाने के बाद पिछले दो सालों में नौ बार पैरोल और फर्लो के तौर पर 234 दिन जेल से बाहर रहा है। शायद अभी तक ऐसा कोई मामला नहीं है, जहां दुष्कर्म और हत्या जैसे संगीन अपराध करने वालों को इतने कम समय में जेल से बाहर रहने की छूट मिली है। शायद यही कारण है कि पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट इस मामले को बेहद गंभीर बता रही है और सरकार को फटकारने में भी नहीं चूकी है।

राम रहीम काट रहा उम्रकैद की डबल सजा

राम रहीम को बलात्कार और हत्या के मामलों में 20 साल की सजा से लेकर उम्र कैद तक की डबल सजा मिली है। उसे गिरफ्तार करने के लिए हरियाणा सरकार और पुलिस को भी खासी जद्दोजहद करनी पड़ी थी। पुलिस ने जब गुरमीत राम रहीम को पंचकूला में गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो उसके अनुयायियों ने पुलिस पर धावा बोल दिया था। यही नहीं, पंचकूला में जमकर उपद्रव किया और सरकारी संपत्तियों के साथ निजी संपत्तियों को भी निशाना बनाया। यही कारण है कि उसे बार-बार पैरोल पर रिहा करना सभी को खटक रहा है।

5379487