fire incident: हरियाणा के बहादुरगढ़ स्थित एचएसआईआईडीसी सेक्टर-16 में बुधवार शाम एक जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त फैक्ट्री में कई कर्मचारी काम कर रहे थे, जिन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग की 5 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस घटना में फैक्ट्री मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
वेल्डिंग की चिंगारी बनी तबाही का कारण
जानकारी के अनुसार, प्लाट नंबर-168 में दिल्ली निवासी विभोर की 'सुपर किक्स' नाम से फुटवियर फैक्ट्री है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के पीछे स्थित एक वेल्डिंग यूनिट में काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग से निकली एक चिंगारी शेड में जा गिरी और आग लग गई। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया और सुपर किक्स फैक्ट्री के प्रथम तल तक पहुँच गई।
फैक्ट्री के कर्मचारियों भागकर बचाई जान
आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखीं कीमती मशीनें, कच्चा माल और तैयार जूते-चप्पल जलकर राख हो गए। गनीमत यह रही कि जैसे ही आग लगी, कर्मचारियों ने तुरंत फैक्ट्री खाली कर दी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल कर्मियों के साथ-साथ पुलिस बल ने भी मौके पर पहुँचकर सुरक्षा की दृष्टि से मोर्चा संभाला।
दमकल विभाग गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत बुझाई आग
दमकल विभाग की पांच गाड़ियां देर शाम तक आग बुझाने के काम में जुटी रहीं। प्राथमिक जांच में वेल्डिंग की चिंगारी को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि दमकल विभाग और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं ताकि नुकसान के सटीक आंकड़े और आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।