Logo
election banner
हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल व पूर्व गृहमंत्री अनिल विज के रिश्तों में आई खटास अब कम होती दिख रही है। प्रदेश में सीएम बदले जाने के बाद से अनिल विज लगातार पूर्व सीएम मनोहर लाल पर हमलावर थे। सोमवार को पूर्व सीएम मनोहर लाल पूर्व गृहमंत्री अनिल विज के आवास पर पहुंचे। यहां दोनों नेता गले मिले और होली की बधाई दी।

Ambala: पूर्व सीएम मनोहर लाल व पूर्व गृहमंत्री अनिल विज के रिश्तों में आई खटास अब कम होती दिख रही है। प्रदेश में सीएम बदले जाने के बाद से अनिल विज लगातार पूर्व सीएम मनोहर लाल पर हमलावर थे। सोमवार को पूर्व सीएम मनोहर लाल पूर्व गृहमंत्री अनिल विज के आवास पर पहुंचे। यहां दोनों नेता गले मिले और होली की बधाई दी। इस मुलाकात से एक दिन पहले ही हिसार में अनिल विज ने कहा था कि मुझे जानकारी नहीं थी कि हमारा मुख्यमंत्री बदला जाएगा। मनोहर लाल खट्टर को सब कुछ पता था। यह पूरा खेल उनका ही था। वरिष्ठ मंत्री होते हुए मनोहर लाल ने इस बात की जानकारी उसे नहीं दी। उसे इस बात का बेहद दुख है।

मेरी विज से कोई नाराजगी नहीं

पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कहा कि होली का त्यौहार है। वे अपने साथी अनिल विज को शुभकामनाएं देने आए हैं। चंडीगढ़ से करनाल जाते हुए वे विज से मिले हैं। साढ़े 9 साल तक विधानसभा की पुरानी यादें ताजा की हैं। हम अपना-अपना काम कर रहे हैं। विज से नाराजगी को लेकर पूछे गए सवाल पर पूर्व सीएम मनोहर लाल ने कहा कि उनकी कोई नाराजगी नहीं। पिछले दिनों विधानसभा में भी मिले थे। हमारी नाराजगी कभी भी नहीं रही है। पूर्व सीएम ने कहा कि कोई रूठा हुआ नहीं है। बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को नाराज चल रहे पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से मिलने सीएम नायब सिंह सैनी अंबाला पहुंचे थे। इस दौरान अनिल विज ने बुके देकर सीएम का स्वागत किया था।

नायब सैनी के साथ पिछले दिनों हुई थी विज की बातचीत

अनिल विज से पिछले दिनों मिलने पहुंचे सीएम नायब सैनी ने विज के पैर छूए थे। सीएम और विज के बीच करीब 40 मिनट तक बातचीत हुई। सीएम नायब सिंह सैनी ने मुलाकात के बाद कहा कि अनिल विज हमारे वरिष्ठ नेता हैं। अब पार्टी ने सीएम की जिम्मेदारी दी है तो वे आशीर्वाद लेने के लिए आए हैं। सीएम नायब सैनी से पहले पंचायत, विकास एवं कोऑपरेटिव राज्य मंत्री महीपाल ढांडा और परिवहन मंत्री असीम गोयल भी अनिल विज से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंचे थे।

5379487