पत्नी तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब थी। इस घटना के बाद से ही ससुराल वाले उसे जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे थे।

हरियाणा के पानीपत जिले एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने मानसिक तनाव के चलते मौत को गले लगा लिया। सेक्टर-29 के फ्लोरा चौक के पास रहने वाले धर्मेंद्र का शव फंदे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि धर्मेंद्र अपनी पत्नी के गायब होने और उसके बाद ससुराल वालों की लगातार मिल रही धमकियों से बुरी तरह टूट चुका था, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

पत्नी के गायब होने से शुरू हुआ विवाद
मृतक धर्मेंद्र के परिजनों ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता थी। इस मामले में परिवार ने संबंधित थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। हालांकि, पत्नी के जाने के बाद से ही धर्मेंद्र के ससुराल पक्ष के लोग उसे निशाना बनाने लगे। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले धर्मेंद्र को उसकी पत्नी की गुमशुदगी के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे थे और उसे जान से मारने व झूठे कानूनी मामलों में फंसाने की धमकियां दे रहे थे। 

चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
धर्मेंद्र अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है। बुधवार सुबह जब घर के अन्य सदस्य अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे, तभी धर्मेंद्र ने एकांत पाकर फंदा लगा लिया। जब परिवार ने उसे लटका हुआ देखा, तो घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी बुलाया।

परिजनों ने लगाया उकसाने का आरोप
सिविल अस्पताल के शवगृह के बाहर जमा हुए धर्मेंद्र के भाई और अन्य रिश्तेदारों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि धमकियों के कारण धर्मेंद्र इतना डर गया था कि वह मानसिक संतुलन खो बैठा था। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि धर्मेंद्र को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

पुलिस ने सबूत इकट्ठा किए 
सेक्टर-29 थाना पुलिस और जांच अधिकारियों का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी सबूत इकट्ठा कर लिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक परिजनों के बयानों को दर्ज किया जा रहा है और पत्नी के लापता होने के एंगल के साथ-साथ ससुराल पक्ष द्वारा दी गई धमकियों के पहलू की भी गहराई से छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद और प्राथमिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

टूट गया खुशहाल परिवार, चार बच्चों के भविष्य पर अब सवालिया निशान 
एक तरफ पत्नी का लापता होना और दूसरी तरफ ससुराल का दबाव, इन दोनों पाटों के बीच पिस रहे धर्मेंद्र ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। चार मासूम बच्चों के भविष्य पर अब सवालिया निशान लग गया है, जिन्होंने महज कुछ ही दिनों के भीतर अपनी मां को खोया और अब पिता का साया भी हमेशा के लिए छिन गया।