फतेहाबाद के बस स्टैंड्स पर रमन नाम के एक युवक ने पंजाबी गाने "तू कादी पंजाबन जे तैनु नचना नि औंदा" पर यात्रियों के सामने 'अश्लील डांस' का वीडियो बना जिस पर डिपो के जनरल मैनेजर ने कहा कि ऐसे वीडियो से रोडवेज विभाग की छवि खराब की जा रही है।

Fatehabad Bus Stand Reel Ban: हरियाणा के फतेहाबाद जिले में बस स्टैंड्स पर रील बनाने और सोशल मीडिया वीडियो शूट करने पर अब पूर्ण पाबंदी लगा दी गई है। यह फैसला टोहाना बस स्टैंड पर एक युवक द्वारा यात्रियों के बीच किए गए 'अश्लील डांस' का वीडियो वायरल होने के बाद लिया गया है। फतेहाबाद डिपो के जनरल मैनेजर ने इस संबंध में लिखित आदेश जारी कर दिए हैं।

इंस्टाग्राम पर एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स
पूरा मामला टोहाना बस स्टैंड से जुड़ा है, जहां रमन नाम के एक युवक ने पंजाबी गाने "तू कादी पंजाबन जे तैनु नचना नि औंदा" पर यात्रियों के सामने डांस किया। युवक ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया, जिसे अब तक 30 मिलियन (3 करोड़) से ज्यादा लोग देख चुके हैं। रमन के इंस्टाग्राम पर एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं और वह अक्सर सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे वीडियो शूट करता रहता है।

विभाग की छवि खराब करने की कोशिश
GM कार्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर फूहड़ और अव्यवस्थित तरीके से वीडियो बनाने से रोडवेज विभाग की छवि खराब हो रही है। साथ ही, भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की गतिविधियों से दुर्घटना होने का भी खतरा बना रहता है।

अधिकारियों की सख्त चेतावनी
फतेहाबाद डिपो के ट्रैफिक मैनेजर सुरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर वीडियो बनाने के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। नए आदेशों के तहत फतेहाबाद, टोहाना, जाखल, रतिया, भूना और भट्टू बस स्टैंड के प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे लोगों पर नजर रखें। यदि कोई मना करने के बाद भी वीडियो बनाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।