haribhoomi hindi news
हरियाणा के फरीदाबाद की ग्रीप वेली में घुसे तेंदुए के कारण लोगों में हडकंप मच गया। वन्य विभाग की टीम ने 11 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को काबू किया, जिससे लोगों ने चैन की सांस ली।

Faridabad: ग्रीन फील्ड कालोनी के समीप ग्रीन वेली में बुधवार सुबह करीब आठ बजे एक तेंदुआ घुस आया। इससे आसपास रह रहे लोगों में भगदड़ मच गई। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की सूचना पर दोपहर करीब एक बजे गुरुग्राम से पहुंची वन्य जीव विभाग की टीम ने तेंदुआ को पकड़ने का प्रयास शुरू किया। करीब 11 घंटे की मशक्कत के बाद वन्य जीव विभाग की टीम ने तेंदुआ को काबू किया। वन्य विभाग की टीम तेंदुए को अपने साथ लेकर चली गई।

बंदरों पर हमला कर रहा था तेंदुआ

स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे उन्होंने देखा कि काफी संख्या में बंदर एकत्रित होकर शोर कर रहे हैं। जिज्ञासा में कुछ लोगों ने अपने मकान से बाहर झांक कर देखा तो उनके होश उड़ गए। तेंदुआ बंदरों पर हमला करने का प्रयास कर रहा था। इससे बंदर डरकर इधर-उधर भाग रहे थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत अपने घर के खिड़की और दरवाजे बंद कर लिए। आनन-फानन में इसकी जानकारी आरडब्लयूए के उप प्रधान मधु सिंह को दी गई। उन्होंने इसकी जानकारी आरडब्ल्यूए प्रधान सतीश मिश्रा दी। इसके बाद आरडब्लयूए प्रधान ने सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना की पुलिस सतर्क हो गई।

10 मिनट में पहुंची पुलिस, सावधान रहने का किया आह्वान

ग्रीन फील्ड पुलिस चौकी में तैनात पुलिस कर्मी सूचना मिलने के करीब 10 मिनट में ही मौके पर पहुंच गए और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। साथ ही लोगों को घरों में ही रहने को कहा गया। इसके बाद पुलिस ने इसकी जानकारी वन्य विभाग को दी। फरीदाबाद में कार्यरत वन्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और गुरुग्राम स्थित वन्य जीव पकड़ने वाले विभाग की टीम को इसकी जानकारी दी। गुरुग्राम से फरीदाबाद पहुंची टीम ने एक कम्पनी में रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान तेंदुए को दो बार गन द्वारा बेहोशी का इंजेक्शन लगाया। तब जाकर तेंदुआ बेहोश हुआ। वन्य विभाग की टीम तेंदुए को अपने साथ ले गई, जिसे उपचार के बाद अरावली की पहाड़ियों में छोड़ दिया जाएगा।

7