फतेहाबाद गुरुद्वारा साहिब में शराब की बोतल लेकर सचखंड साहिब तक आरोपी पहुँचा। जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने युवक को पकड़ लिया है। हालांकि इस घटना से सिख संगत काफी गुस्से में है और सुरक्षा व्यवस्था को ओर कड़ा करने की मांग कर रही है।

हरियाणा के फतेहाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पूर्व विधायक दुड़ाराम के पैतृक गांव एमपी रोही स्थित गुरुद्वारा साहिब में मंगलवार देर शाम एक युवक ने बेअदबी करने की कोशिश की। आरोपी युवक हाथ में शराब की बोतल और गिलास लेकर नंगे सिर दरबार साहिब में दाखिल हुआ और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ का प्रयास किया। मौके पर मौजूद सेवादारों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया।

शराब की बोतल लेकर अदंर घुसा युवक
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार शाम करीब 7:50 बजे की है। आरोपी गुरप्रीत सिंह हाथ में शराब की बोतल और गिलास लिए गुरुद्वारा साहिब के अंदर घुस गया। सेवादारों ने जब उसे इस हालत में देखा तो उन्हें संदेह हुआ। आरोपी ने पहले दरबार साहिब में रखे रुमाला साहिब के साथ छेड़छाड़ की और फिर सीधे सचखंड साहिब में घुसकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप को उठाने की कोशिश की।

सेवादारों ने पुलिस को किया सूचित 
जिस समय युवक बेअदबी का प्रयास कर रहा था,वहां मौजूद सेवादार बीबी अवराज कौर और कृष्ण ने तुरंत उसे पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीण सुनील और संपत सिंह भी मदद के लिए पहुंच गए। सेवादारों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया।

गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान की शिकायत पर मामला दर्ज
सदर थाना फतेहाबाद के प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान रणजीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से आरोपी गुरप्रीत को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी घटना गुरुद्वारे में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसे पुलिस जांच के लिए साक्ष्य के तौर पर इस्तेमाल कर रही है।

धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का किया प्रयास
इस घटना के बाद इलाके की सिख संगत में गहरा गुस्सा है। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने गुरुद्वारा साहिब की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।