पिछले एक सप्ताह से सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं का सब्र आज टूट गया और उन्होंने गैस एजेंसी के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। हालात इतने बिगड़ गए कि ग्रामीणों ने गांव में सप्लाई के लिए जा रही एक डिलीवरी वैन को रास्ते में ही रोक लिया, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा।
सुबह से लाइन में लगे ग्रामीण
प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं ने बताया कि वे अजीत नगर, भानीखेड़ा और ढाणी बबनपुर जैसे गांवों से 10-10 किलोमीटर का सफर तय कर सुबह 5 बजे ही एजेंसी पहुंच गए थे। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उन्हें रिफिल नहीं मिल रहा है। बिना सिलेंडर दिए ही कई उपभोक्ताओं की ऑनलाइन बुकिंग को 'डिलीवर' दिखा दिया गया है। एजेंसी संचालक स्थानीय लोगों को देने के बजाय सिलेंडर बाहर भेज रहे हैं।
जद्दोजहद के बाद पुलिस ने मामला किया शांत
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिसकर्मियों और एजेंसी संचालक ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत किया, जिसके बाद रुकी हुई डिलीवरी वैन को आगे रवाना किया जा सका। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते भी इसी समस्या को लेकर रोड जाम किया गया था।
एजेंसी संचालक ने रखा पक्ष
राम भारत गैस एजेंसी के संचालक रामनिवास ने अपनी सफाई में कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि"पीछे दो दिन की छुट्टी होने के कारण सप्लाई में थोड़ा असर पड़ा है। एजेंसी के बाहर लाइन लगाने से कोई फायदा नहीं होगा। उपभोक्ता केवल ऑनलाइन बुकिंग करवाएं, बुकिंग के आधार पर अगले 2 से 3 दिन में उनके घर तक सिलेंडर पहुंचा दिया जाएगा।" एजेंसी के बाहर अब बाकायदा बैनर लगाकर लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने की सलाह दी जा रही है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।