सीएम ने हॉकी स्टेडियम का किया निरीक्षण, कहा- खेलों में प्रदेश व देश का करें नाम रोशन

CM Manohar Lal inspected National level hockey stadium
X
सीएम ने हॉकी स्टेडियम का किया निरीक्षण
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कैलाश गांव में बने राष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जल्द इसका लोकार्पण किया जाएगा।

Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने करनाल प्रवास के दौरान रविवार को कैलाश गांव में बने राष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जल्द ही इसका लोकार्पण होगा। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर हॉकी खिलाड़ियों को नए स्टेडियम के बनने की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

हरियाणा सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही

उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम में खिलाड़ी बेहतरीन तरीके से अभ्यास करके राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खेलों में प्रदेश व देश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही है। अब गांवों में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, ताकि खिलाड़ी अपने गांव में ही बेहतर अभ्यास कर सकें।

इस मौके पर उपायुक्त एवं केएससीएल के सीईओ अनीश यादव ने बताया कि शहर में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है। इन सुविधाओं से यहां के खिलाड़ियों को अपने शहर में ही प्रतिभा को निखारने के अवसर मिलेंगे। इन्हीं खेल सुविधाओं में से एक कैलाश गांव में राष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही यह जनता को समर्पित होगा।

हॉकी के मानकों के अनुसार बनाया गया स्टेडियम

उन्होंने बताया कि यह हॉकी स्टेडियम इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ हॉकी के मानकों के अनुसार बनाया गया है। इसके निर्माण पर करीब 18 करोड़ 27 लाख रुपये की राशि खर्च हुई है और यह स्टेडियम साढ़े 6 एकड़ भूमि में बनकर तैयार हुआ है। खास बात यह है कि एस्ट्रो टर्फ विदेशी तकनीक से निर्मित है। मेन ग्राउंड में 6 स्प्रिंकलर लगाए गए हैं। इसके अलावा मैदान में रोशनी के लिए 34 मीटर ऊंचाई के 4 पोल पर एक-एक हजार वॉट की 72 एलईडी लाइट लगाई गई हैं। स्कोरबोर्ड के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है। स्टेडियम में अलग से 400 केवी का ट्रांसफार्मर लगाया गया है तथा 160 केवी के जनरेटर का भी प्रबंध किया गया है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story