Logo
election banner
पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी को मुंह नहीं लगाएगी। राज्य के सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा बहुमत से जीत दर्ज करेगी।

Hisar: वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हरियाणा की जनता आम आदमी पार्टी को मुंह नहीं लगाएगी। हरियाणा की जनता ने अच्छी तरह से जान व समझ लिया कि उसके हित केवल भाजपा के हाथों ही सुरक्षित है। भाजपा नेता ने राज्य के सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा की भारी बहुमत से जीत का दावा किया। हिसार में कैप्टन अभिमन्यु ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बात कही।

अरविंद केजरीवाल लोगों को बरगलाने का कर रहे प्रयास

कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि हरियाणा में छोटी सी जनसभा करके उसे रैली का नाम देकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जनता को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। हरियाणा की जनता को अच्छी तरह पता चल गया कि आम आदमी पार्टी के शासन में दिल्ली भयंकर पिछड़ेपन व बर्बादी की ओर चली गई है। पंजाब की जनता ने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का साथ दिया, लेकिन अब वहां की जनता इनसे दुखी है। वे पंजाब को भी नहीं संभाल पा रहे। आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी का वही हाल होगा जो आदमपुर उपचुनाव में हुआ था।

बड़े बड़े वादे करने वाले आप नेता पहले हरियाणा को एसवाईएल का पानी दें

एसवाईएल के मसले पर कैप्टन अभिमन्यु ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हरियाणा में कार्यक्रम करके बड़े-बड़े वादे करने वाले आप नेता पहले हरियाणा को एसवाईएल का पानी देने की बात तो करें, वे इस पर चुप क्यों हैं। अगर पंजाब सरकार ऐसा करती है तो वे भी आभारी रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हुड्डा शासन में हरियाणा में भाई-भतीजावाद, अपराध व भ्रष्टाचार चरम पर रहा। जिन्होंने दस साल तक हरियाणा को लूटा, किसान की जमीन को जबरदस्ती अधिग्रहित कर लिया, पूंजीपतियों के साथ अपनी तिजोरियां भरने पर जोर दिया गया, नौकरियां बेची गई, गेस्ट टीचरों पर गोलियां चलाई गई और गेस्ट टीचर शहीद हुए। भूपेन्द्र हुड्डा लोगों को बहकाने का प्रयास कर रहे है परंतु अब लोग इनके बहकावे में नहीं आएंगे।

हरियाणा के लोगों को ग्रुप डी की निष्पक्ष दी जाएंगी नौकरियां

कैप्टन अभिमन्यु ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सराहना करते हुए कहा कि आज बिना खर्ची पर्ची के मनोहर लाल की सरकार युवाओं को नौकरियां दे रही है। एचसीएस की नौकरियां लगाई जा रही है। हरियाणा के लोगों को ग्रुप डी की नौकरियां निष्पक्ष तौर से दी जाएंगी। कांग्रेस के एसआरके गुट द्वारा निकाली जा रही संदेश यात्रा पर पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि एसआरके गुट को पार्टी के ही गुलाबी गैंग का डर सता रहा है। यह गुलाबी गैंग पहले भी पार्टी के कई नेताओं की बलि ले चुका है। आगामी लोकसभा अकेले लड़ने या जजपा के साथ मिलकर लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश प्रभारी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि हम सभी 10 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।

5379487