हरियाणा के मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए प्रदेश की आर्थिक राजधानी गुरुग्राम के लिए खजाना खोल दिया है।

सदन में बजट का अपना अगला पिटारा खोलते हुए नायब सिंह ने गुरुग्राम शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भारी-भरकम इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए 'वेडिंग सिटी' जैसे अनूठे कॉन्सेप्ट की घोषणा की है।

'वेड इन इंडिया' की तर्ज पर बनेगी 'वेडिंग सिटी'

बजट की सबसे चर्चित घोषणा गुरुग्राम में 'वेडिंग सिटी' विकसित करने की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वेड इन इंडिया' विजन को बढ़ावा देते हुए यहां 'सगाई से विदाई' तक की सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। इससे इवेंट मैनेजमेंट, कैटरिंग और डेकोरेशन जैसे क्षेत्रों में हजारों युवाओं और महिलाओं को काम मिलेगा।गुरुग्राम पहले से ही लग्जरी शादियों का हब है, नई वेडिंग सिटी इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगी।

ट्रैफिक से मिलेगी आजादी
SPR और रिंग रोड का विस्तार शहर में जाम की समस्या को खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री ने कई बड़े एलिवेटेड कॉरिडोर और फ्लाईओवर की मंजूरी दी है। सेक्टर 58 से मानेसर तक एक नया बाहरी मार्ग (Greater Peripheral Road) बनाया जाएगा जो रिंग रोड के तौर पर काम करेगा। इससे NH-48 पर दबाव कम होगा।

SPR पर एलिवेटेड स्ट्रेच  
सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर वाटिका चौक से घाटा गांव तक 8-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर और क्लोवरलीफ जंक्शन के माध्यम से कनेक्टिविटी बेहतर की जाएगी।NH-48 से वाटिका चौक तक 5.1 किलोमीटर लंबा नया एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिससे वाटिका चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक का सफर बिना जाम के पूरा होगा।

 बजट में 46.93% की भारी बढ़ोतरी

उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने बजट का स्वागत करते हुए इसे 'विकसित हरियाणा का रोडमैप' बताया।उद्योग विभाग के लिए बजट में 46.93% की बढ़ोतरी कर इसे ₹1950.92 करोड़ कर दिया गया है।प्रदेश में 10 नए औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (IMT) स्थापित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अंबाला और नारायणगढ़ में जमीन खरीद शुरू हो चुकी है, जबकि रेवाड़ी और जींद जैसे क्षेत्रों के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं।

विकसित भारत की धुरी बनेगा गुरुग्राम

राव नरबीर सिंह ने कहा कि कृषि के साथ-साथ औद्योगिक विकास ही राष्ट्र को विकसित बना सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में गुरुग्राम और हरियाणा औद्योगिक क्रांति के अग्रदूत साबित होंगे।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।