Logo
हरियाणा के कैथल जिले के गांव हरीगढ़ किंगन में एक अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अरविंद्र सिंह पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। 

हमला उस वक्त हुआ जब अरविंद्र बच्चों को खेल के मैदान में कोचिंग दे रहे थे। हमले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर हाथों में कस्सी (मिट्टी खोदने का औजार) और डंडे लेकर खिलाड़ी को धमकाते नजर आ रहे हैं।

रास्ते के विवाद में हुआ हमला
 खिलाड़ी अरविंद्र के अनुसार, विवाद खेल के मैदान के पास बन रहे एक रास्ते को लेकर शुरू हुआ।यह घटना तब हुई जब 26 फरवरी को अरविंद्र और उनके छात्र अभ्यास के लिए मैदान की ओर जा रहे थे। रास्ते में निर्माण कार्य के कारण ईंटें बिखरी हुई थीं।
 जब खिलाड़ी रास्ता साफ करने के लिए ईंटें हटा रहे थे, तभी गांव के ही युवक मलकीत और अमन वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे अरविंद्र की उंगलियों और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।

घर में घुसने की कोशिश और जान से मारने की दी धमकी

अरविंद्र का आरोप है कि हमलावर यहीं नहीं रुके। उन्होंने रात करीब 8 बजे उनके घर में घुसने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। खिलाड़ी ने तुरंत डायल 112 पर फोन किया, जिसके बाद पुलिस को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।

दुष्यंत चौटाला के विरोध से जुड़ा कनेक्शन?

यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि अरविंद्र वही खिलाड़ी हैं जिन्होंने करीब एक साल पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के एक कार्यक्रम का जोरदार विरोध किया था। उस समय अरविंद्र और दुष्यंत चौटाला के बीच तीखी बहस का वीडियो भी वायरल हुआ था। अरविंद्र का आरोप है कि तब से ही कुछ लोग उनसे रंजिश रख रहे हैं। हालांकि, पिछले साल उन पर शराब पीकर हंगामा करने के भी आरोप लगे थे, जिसे उन्होंने राजनीतिक साजिश बताया था।

पुलिस की कार्रवाई
 चीका थाना प्रभारी (SHO) अमन कुमार ने बताया कि खिलाड़ी की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

5379487