हरियाणा के रोहतक में 20 फरवरी से लापता प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान का शव आखिरकार जेएलएन नहर से बरामद कर लिया गया है। 

इस गैंगवार के मर्डर केस में हमलावरों ने सत्यवान पर करीब 20 गोलियां बरसाकर उसकी हत्या की और पहचान मिटाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

आइए जानते हैं पूरी घटना  

20 फरवरी को खरावड़ गांव के पास एक लावारिस ब्रेजा कार मिली थी, जिस पर गोलियों के दर्जनों निशान थे और पास ही खून पड़ा था। जांच में पता चला कि यह कार खेड़ी साध गांव के निवासी सत्यवान की है। सत्यवान सुबह अपने भाई को खरखौदा छोड़कर वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे घेरकर गोलियों से भून दिया गया।

सोशल मीडिया पर गैंगवार का दावा

हत्या के कुछ ही घंटों बाद काला राठी गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि सत्यवान उनका पुराना दुश्मन था।उन्होंने उसे मार दिया है और उसकी लाश भी नहीं मिलने देंगे। हाल ही में सत्यवान जमानत पर बाहर आया था।पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी रोहतक एसपी सुरेंद्र भौरिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन किया। 

पुलिस ने ली तकनीकी मदद

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से दो युवकों को दबोचा जिनके नाम मंजीत उर्फ माफिया (निवासी बापोड़ा, भिवानी) मनीष (निवासी भाली गांव) थे। आरोपियों के पास से 5 अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। इन्हीं आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जेएलएन नहर से सत्यवान का शव बरामद किया।

एसपी ने साझा की चार अहम बातें

एसपी सुरेंद्र भौरिया के मुख्य बिंदु पुलिस कप्तान ने प्रेस वार्ता में चार अहम बातें साझा कीं। 

  • पुरानी रंजिश: सत्यवान खुद 2018 के एक मर्डर केस में आरोपी था और फिलहाल हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर था। यह हत्या आपसी रंजिश का परिणाम है।
  • सोशल मीडिया पोस्ट का सच: एसपी ने स्पष्ट किया कि पकड़े गए आरोपियों का सुंदर काला गैंग से सीधा लिंक नहीं मिला है। उन्होंने जनता से अपील की कि गैंगस्टर्स द्वारा दहशत फैलाने के लिए डाली गई ऐसी पोस्ट पर ध्यान न दें।
  • रिमांड पर पूछताछ: पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि हत्या में शामिल अन्य चेहरों और हथियारों के स्रोत का पता लगाया जा सके।
  • FSL टीम की जांच: मौके से मिले 20 गोलियों के खोल और कार की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।