भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में आ गई है। प्रत्याशियों के चयन और स्टार प्रचारकों पर चर्चाएं काफी तेज़ी से हो रही है इस बैठक में कैप्टन अभिमन्यु ने हुड्डा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि  "2014 से पहले हुड्डा सरकार में किसानों को दो-दो रुपये के चेक मिलते थे।

Haryana Civic Elections: हरियाणा में आगामी नगर निगम, परिषद और पालिका चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। मंगलवार को पंचकूला स्थित प्रदेश मुख्यालय 'पंचकमल' में भाजपा कोर ग्रुप की एक मैराथन बैठक हुई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली और प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निकाय चुनावों में जीत की रणनीति, प्रत्याशियों के चयन और संगठन के आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।

एजेंडा निकाय चुनावों के लिए प्रत्याशियों के चयन 
बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने बताया कि निकाय चुनावों के लिए पार्टी एक 5 सदस्यीय विशेष कमेटी गठित करने जा रही है। यह कमेटी 16 से 18 अप्रैल के बीच उन सभी निकायों का दौरा करेगी जहाँ चुनाव होने हैं। कमेटी वहां के स्थानीय विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात कर संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार करेगी। 20 अप्रैल को 'प्रदेश चुनाव समिति' की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

कैप्टन अभिमन्यु ने हुड्डा पर साधा निशाना
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने बैठक के बाद विपक्ष, विशेषकर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मंडियों में फसल खरीद की व्यवस्था पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा, "2014 से पहले हुड्डा सरकार में किसानों को दो-दो रुपये के चेक मिलते थे और खाद के लिए थानेदारों से पर्ची कटवानी पड़ती थी। आज मोदी और सैनी सरकार में 24 से 48 घंटे के भीतर सीधा किसानों के खातों में पैसा पहुंच रहा है।"

बैंक फ्रॉड पर स्पष्टीकरण
बैठक में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' और आगामी सम्मेलनों पर भी चर्चा हुई। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि संसद जल्द ही महिलाओं के लिए ऐतिहासिक फैसला लेने जा रही है, लेकिन विपक्ष केवल विरोध के लिए विरोध कर रहा है। वहीं, पंचकूला नगर निगम के 160 करोड़ के बैंक फ्रॉड मामले पर बड़ौली ने स्पष्ट किया कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, क्योंकि सरकार को पूरा पैसा ब्याज समेत वापस मिल चुका है।

चुनावी प्रभारियों की पहले ही हो चुकी है नियुक्ति
भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देते हुए पहले ही दिग्गज मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंप दी है:

  • पंचकूला: मंत्री विपुल गोयल और कंवरपाल गुर्जर।
  • अंबाला: मंत्री रणबीर गंगवा और डॉ. अर्चना गुप्ता।
  • सोनीपत: मंत्री कृष्ण पंवार और जवाहर सैनी।
  • रेवाड़ी: मंत्री गौरव गौतम, उकलाना: कृष्ण बेदी और सांपला: डॉ. अरविंद शर्मा।

दिग्गजों ने भी की शिरकत 
बैठक में राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, डॉ. सुधा यादव, कृष्णपाल गुर्जर और सुभाष बराला जैसे दिग्गजों ने भी शिरकत की। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि हरियाणा में एक बार फिर इतिहास दोहराया जाएगा और सभी निकायों में कमल खिलेगा।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।