haryana Rohad Toll Plaza Accident: नेशनल हाइवे-9 पर स्थित रोहद टोल प्लाजा शुक्रवार की सुबह एक भयानक हादसे का गवाह बना। यहां ड्यूटी के पहले ही दिन एक 22 वर्षीय युवक कपिल की हरियाणा रोडवेज की बस की चपेट में आने से जान चली गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सुबह करीब 6 बजे हुआ हादसा
मृतक की पहचान सांपला निवासी कपिल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कपिल ने गुरुवार रात 12 बजे ही टोल पर अपनी पहली ड्यूटी जॉइन की थी। उसे शुक्रवार सुबह 8 बजे घर वापस जाना था, लेकिन सुबह करीब 6 बजे ही यह हादसा हो गया। वह लेन नंबर 11 पर तैनात था।
CCTV में कैद हुई खौफनाक टक्कर
हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि हिसार डिपो की एक बस टोल क्रॉस कर रही थी। इसी दौरान कपिल दौड़कर बस के आगे से दूसरे बूथ की ओर जाने लगा, तभी बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कपिल उछलकर काफी दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
बस चालक पर कार्रवाई
हादसे के बाद कपिल को तुरंत बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से टोल कर्मियों और परिजनों में भारी रोष है। आसौदा थाना पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई अमित की शिकायत पर हिसार डिपो के बस चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।









