कैप्टन अभिमन्यु के चुनाव प्रचार ने पकड़ी रफ्तार: परिजनों ने संभाला मोर्चा, युवाओं ने संभाली प्रचार की कमान

Captain Abhimanyu driving a tractor in Sindhad village.
X
सिंधड़ गांव में ट्रेक्टर चलाकर जाते कैप्टन अभिमन्यु।
नारनौंद में कैप्टन अभिमन्यु के चुनाव प्रचार में उनकी धर्मपत्नी एकता सिंधु, पुत्र सात्विक सिंधु सहित अन्य परिजनों ने एक साथ प्रचार अभियान चलाया।

नारनौंद/हिसार: चुनाव का दिन नजदीक आते-आते भाजपा उम्मीदवार कैप्टन अभिमन्यु के चुनाव प्रचार ने गति पकड़ ली है। हलके के हर गांव में कैप्टन अभिमन्यु का चुनाव प्रचार जोरों पर हैं। कैप्टन अभिमन्यु, उनकी धर्मपत्नी एकता सिंधु, पुत्र सात्विक सिंधु सहित अन्य परिजनों ने एक साथ प्रचार अभियान चलाया। वहीं क्षेत्र के युवा वर्ग ने भी उनके प्रचार अभियान की कमान संभाल ली है। कैप्टन अभिमन्यु ने गांव सिंधड़, सिंघवा राघो व लोहारी राघो का दौरा किया। यहां पर ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्हें गांव में ट्रेक्टर पर बैठाकर जुलूस के साथ ले जाया गया।

विकास कार्यों का दिया ब्यौरा

कैप्टन अभिमन्यु ने अपने शासन में करवाए गए विकास कार्यों का ब्यौरा दिया और युवा वर्ग को आश्वस्त किया कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। चुनाव के बाद तीसरी बार भाजपा सरकार बनेगी और इसके बाद क्षेत्र के विकास के साथ-साथ युवा वर्ग की नौकरियों का विशेष प्रबंध किया जाएगा। कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों को जनहित से कोई सरोकार नहीं है और ऐसी पार्टियां केवल अपने स्वार्थ सिद्ध करने के लिए जनता को बरगला रही हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों को विश्वास दिलाया कि नारनौंद हलका के विकास एवं 36 बिरादरी के मान-सम्मान में कोई कमी नहीं आने देंगे।

एकता सिंधु को लड्डुओं से तोला

कैप्टन अभिमन्यु की धर्मपत्नी एकता सिंधु व बेटे सात्विक सिंधु ने भी चुनावी कमान संभाल ली है। एकता सिंधु नारनौंद स्थित सैन समाज धर्मशाला एवं सोलगिर धर्मशाला के पास आयोजित जनसभाओं में शामिल हुई। लोगों से रूबरू होकर कैप्टन अभिमन्यु के पक्ष में मतदान करने की अपील की। नारनौंद में एकता सिंधु को सम्मान स्वरूप लड्डुओं से भी तोला गया।

सात्विक सिंधु ने चलाया जनसंपर्क

कैप्टन अभिमन्यु के पुत्र सात्विक सिंधु ने गांव कोथखुर्द व कोथकलां में अपना जनसंपर्क अभियान चलाया। जलपान कार्यक्रमों पर लोगों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कैप्टन अभिमन्यु के विधायक बनने के बाद नारनौंद क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा और हर वर्ग के हितों का पूर्ण ख्याल रखा जाएगा। वे कोथकलां गांव में प्रजापति समाज के कार्यक्रम में भी शामिल हुए। सात्विक सिंधु ने कहा कि वे युवाओं के हर मुद्दे पर उनके साथ हैं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story