भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दिया ऑफर: हुड्डा व कांग्रेस के सभी विधायक ले सकते हैं भाजपा की प्राथमिक सदस्यता 

BJP State President Mohan Lal Badoli talking to journalists.
X
पत्रकारों से बातचीत करते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली।
मोहन लाल बड़ोली ने कहा कि भूपेन्द्र सिंह हुड्डा या कांग्रेस के सभी विधायक भाजपा के सदस्य बन सकते हैं, लेकिन उनका सदस्य बनने के बाद सक्रिय सदस्य बनना जरूरी है।

फतेहाबाद: भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली ने कहा कि चाहे तो भूपेन्द्र सिंह हुड्डा या कांग्रेस के सभी विधायक भाजपा के सदस्य बन सकते हैं, लेकिन उनका सदस्य बनने के बाद सक्रिय सदस्य बनना भी जरूरी है। जो सदस्य 100 नए सदस्य जोड़ेगा, वहीं सक्रिय सदस्य के लिए योग्य होगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष फतेहाबाद भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से समीक्षा मीटिंग की और उन्हें भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर जिम्मेवारियां सौंपी।

गरीबी रेखा से नीचे आने का लाभ उठा रहे परिवार

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा गरीबी रेखा के लिए तय आंकड़ा 1 लाख 20 हजार से बढ़ाकर 1 लाख 80 हजार कर दिया है। इस कारण अधिकतर परिवार अब गरीबी रेखा से नीचे आने का लाभ उठा रहे हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि गरीबी ज्यादा बढ़ गई है। भाजपा ने 2024 का सदस्यता अभियान चलाया हुआ है, जिसके तहत प्रदेश में 50 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। हरियाणा में 20 हजार 629 बूथ हैं, प्रत्येक पर 250 नए सदस्य का टारगेट है। सभी सांसद 30 हजार, विधायक 20 हजार, चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी भी 20 हजार, नगर निकाय चेयरमैन या सरकार में चेयरमैन रहने वाले नेता 10 हजार नए सदस्य जोड़ेंगे। पार्टी द्वारा 8800002024 लांच किया गया है।

भाजपा पार्टी की सदस्यता के लिए सभी आमंत्रित

चुनाव से पहले पार्टी छोड़ने वालों के दोबारा सदस्य बनाने के सवाल पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि चाहे तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा या कांग्रेस के सभी विधायक भी भाजपा के सदस्य बन सकते हैं, लेकिन सदस्य बनने के बाद सक्रिय सदस्य बनना भी जरूरी है। जो सदस्य 100 नए सदस्य जोड़ेगा, वही सक्रिय सदस्य बनेगा। यदि हमें लगा कि यह पार्टी की विचारधारा का व्यक्ति नहीं है तो उसे सक्रिय सदस्य नहीं बनाया जाएगा। जब तक सक्रिय सदस्य नहीं बनता, तब तक कोई भी पार्टी में कोई पद नहीं ले सकता, कोई जिम्मेवारी नहीं निभा सकता। पार्टी चुनाव से पहले किए अपने हर वादे को पूरा करने में जुटी है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story