Logo
गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर जनता का गुस्सा अब फुट पड़ा है,इसलिए रतिया में गैस सिलेंडर न मिलने से गुस्साए लोगों ने स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया।

हरियाणा के फतेहाबाद जिले के रतिया में गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ताओं के सब्र का बांध आज सुबह टूट गया। गुस्साए लोगों ने सुबह करीब 6:30 बजे रतिया-बुढलाडा स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे पंजाब की ओर जाने वाला यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

सुबह 4 बजे से लगी कतारें
प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं (अनिल कुमार, दयाल राम, मोहित और अमित) का कहना है कि वे पिछले एक हफ्ते से गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। कड़ाके की ठंड और परेशानी के बीच लोग सुबह 4 बजे से ही लाइनों में लग जाते हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद उन्हें सिर्फ कोरा आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है। घरों में चूल्हा न जलने के कारण लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।

प्रशासनिक दखल के बाद खुला जाम
जाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार रशविंदर सिंह, शहर थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग और सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और गैस एजेंसी संचालक से बात की।पुलिस और प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आज शाम तक गैस की नई खेप पहुँच जाएगी, जिसके बाद वितरण सुचारू होगा। इस भरोसे के बाद करीब एक घंटे बाद हाईवे से जाम खोला गया।

एजेंसी संचालक ने रखा अपना का पक्ष
गैस एजेंसी संचालक रामनिवास ने बताया कि सिलेंडर की किल्लत स्थानीय स्तर पर नहीं, बल्कि पीछे से सप्लाई चेन में रुकावट के कारण है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि कल तक स्थिति सामान्य हो जाएगी और सभी लंबित उपभोक्ताओं को सिलेंडर मुहैया करा दिए जाएंगे।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

7