Delhi Murder Case: पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके से एक खौफनाक वारदात की खबर सामने आ रही है। इस इलाके के रहने वाले 28 साल के यूट्यूबर आकाश पिछले 2 दिनों से लापता चल रहे थे और सोमवार को उनका शव आनंद विहार इलाके में झाड़ियों में पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भेज दिया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आकाश 7 मार्च के बाद से दिल्ली के मंडावली स्थिति घर से लापता हो गया था। परिवार के लोगों ने इसके बाद मंडावली पुलिस थाने में आकाश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत देने के बाद भी मामले पर गंभीरता से कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों के अनुसार, पुलिस ने आकाश की लास्ट लोकेशन आनंद विहार इलाके में बताई थी। इसके बाद परिवार के लोग उसे खोजने खुद आनंद विहार के जंगलों में पहुंचे। काफी देर तक खोजने के बाद उन्हें आनंद का शव झाड़ियों में पड़ा मिला।
शव मिलने के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और आनंद विहार थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। आनंद विहार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंडावली थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी। आकाश दिल्ली के मंडावली इलाके में रहते थे और एक कपड़े का शोरूम चलाते थे। वहीं सोशल मीडिया पर उनके 4 लाख फ्लोवर बताए जा रहे हैं। आकाश के परिवार में उनके माता-पिता उनकी पत्नी और एक 2 साल की मासूम बेटी है।