Ghaziabad Shooting Incident: गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके में गुरुवार रात को एक शख्स को हमलावरों ने 5 गोलियां मारी। पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद के राजनगर थाने का रहने वाला यह शख्स पांच गोलियां लगने के बाद भी खुद 25 किलोमीटर गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचा। जहां उसकी सर्जरी हुई और हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पूरा मामला गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके का है। जहां गुरुवार रात को सड़क किनारे एक ढाबे के बाहर बैठे 35 साल के शख्स से कुछ लोग आकर रंगदारी मांगने लगे। बताया जा रहा है कि जिस शख्स से यह दबंग रंगदारी मांग रहे थे वह एक मामले जमानत पर जेल से बाहर आया था।
इसके बाद इनके बीच विवाद शुरु हो गया और रंगदारी मांगने वाले लोगों ने इसको पांच गोलिया मारी। पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन का रहने वाला राहुल चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। लेकिन इसके बाद भी खून से लथपथ अवस्था में वह खुद गाड़ी चलाकर 25 किलोमीटर दूर अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचा।
मोदीनगर एसीपी भास्कर वर्मा के मुताबिक, जिस इलाके में यह वारदात हुई पुलिस को वहां से 49 मिनट की सीसीटीवी फुटेज मिली हैं। इनमें दो लोग NH-58 के पास सीकरी कलां इलाके में स्वागत ढाबा के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। यह फुटेज उस वक्त की हैं जब राहुल चौधरी गुरुवार रात को 9:30 के आसपास अपनी स्कॉर्पियो से वहां पहुंचे थे।
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में एक आदमी को ड्राइवर की बगल वाला दरवाजा खोलते हुए देखा गया। इसके लगभग 20 सेकंड बाद एक तीसरे आदमी को गाड़ी की तरफ आते हुए देखा जाता है, जिसने काली शर्ट और नीली जींस पहनी हुई थी।
तीसरा आदमी सीधा राहुल पर गोलियां चलाता हुआ ही आता है। चौधरी उस समय ड्राइवर की शीट पर ही बैठा था। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर आराम से वहां से चला गया और बाकी बचे दो लोग स्कूटर पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, जिस समय यह वारदात हुई उस समय इलाका काफी व्यस्त था और सीसीटीवी में भी कई गाड़ियां उस एरिया से गुजरती हुईं दिखाई दीं। हमले में राहुल की गर्दन, सीने, पेट और पैर में गोलियां लगी थी। इसके बाद भी वह खुद ही गाड़ी चलाकर इलाज के अस्पताल पहुंचा। अस्पताल के कर्मचारियों के मुताबिक वह मुख्य गेट से गाड़ी को अंदर लाए थे और मदद के लिए आवाज लगाने के बाद जमीन पर गिर पडे़।
राहुल चौधरी की पत्नी करिश्मा के अनुसार, रवि वाल्मीकि जलबीर पंडित और पीतम सैनी ने इस वारदात की साजिश रची है। करिश्मा ने बताया कि पंडित एक हिस्ट्रीशीटर है जिस पर करीब दो दर्जन से भी ज्यादा केस दर्ज हैं। करिश्मा का कहना है कि उसने पहले भी उनके पति पर हमले करने की कोशिश की थी। इस मामले में निवाड़ी थाने में एक केस दर्ज है, लेकिन आरोपी अभी फरार है।
पुलिस ने राहुल चौधरी की पत्नी करिश्मा द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल पुलिस आरोपियों को पहचान ने और इस वारदात में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है।
दिल्ली / एनसीआर की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।