Delhi: बुआ के बेटे बने जान के दुश्मन, भाइयों ने चाकू से किया हमला, पुलिस को बयान देने से थे नाराज

Young man stabbed with knife
X
प्रतीकात्मक तस्वीर
दिल्ली के बिंदापुर इलाके में बुआ के बेटों ने युवक को चाकू से गोद दिया, क्योंकि युवक ने उनके खिलाफ एक मामले में पुलिस को बयान दिया था।

Delhi: दिल्ली के बिंदापुर इलाके में एक युवक को चाकू से गोदने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, इलाके के ही दो सगे भाइयों ने युवक पर चाकू से हमला किया है। इसके बाद मौके पर फरार हो गए। आरोपी दोनों भाई पीड़ित से नाराज थे, क्योंकि उसने दोनों भाइयों के खिलाफ पुलिस को बयान दिया था। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां युवक का इलाज चल रहा है।

पुलिस को दिए बयान से थे नाराज

दरअसल, कुछ दिन पहले युवक ने दोनों भाइयों के खिलाफ पुलिस को बयान दिया था। बिंदापुर में एक मामले में पुलिस को दिए गए बयान से नाराज दो भाइयों ने युवक के पेट में चाकू घोंप दिया। इसके बाद फरार हो गए। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है।

1 गिरफ्तार और एक फरार

पुलिस के मुताबिक, घायल युवक की पहचान लक्की के रूप में हुई है। वहीं, दोनों आरोपियों की पहचान कासिम और भूरा के रूप में हुई है। पुलिस ने कासिम को गिरफ्तार कर लिया और भूरा की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपी दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बुआ के बेटे हैं आरोपी

जानकारी के मुताबिक, लक्की, उत्तम नगर इलाके के विजय विहार में रहता है। वह जनकपुरी में एक जिम में हेल्पर के तौर पर काम करता है। लक्की ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात वह अपनी पत्नी को मायके से घर लेकर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में जेजे कॉलोनी पंखा रोड के पास रहने वाले उसकी बुआ के बेटों कासिम और भूरा ने उन्हें रोक लिया। कासिम और भूरा ने एक साल पहले दोस्त को चाकू मार दिया था और लक्की ने इस घटना को देखा था। उसने पुलिस को दोनों भाइयों के हमले में शामिल होने की जानकारी दी थी। इस बात को लेकर वह दोनों उससे खुन्नस रखते थे।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story