दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टल गया जब टैक्सी करते SpiceJet विमान ने खड़े Akasa Air प्लेन को टक्कर मार दी। दोनों विमानों को नुकसान, यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, SpiceJet का Boeing 737-700 विमान टैक्सीइंग के दौरान खड़े Akasa Air के विमान से टकरा गया।

टैक्सी करते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि स्पाइसजेट का विमान रनवे की ओर टैक्सी कर रहा था, तभी उसकी टक्कर आकासा एयर के एक स्थिर विमान से हो गई। इस टक्कर में स्पाइसजेट के विमान का दाहिना विंगलेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं आकासा एयर के विमान के बाएं हिस्से का हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर भी डैमेज हो गया।

तुरंत लिया गया एक्शन
हादसे के तुरंत बाद दोनों विमानों को ऑपरेशन से बाहर कर दिया गया। स्पाइसजेट के विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही ग्राउंड कर दिया गया है, जबकि आकासा एयर के डैमेज विमान को भी फिलहाल उड़ान सेवा से हटा दिया गया है।

यात्रियों और क्रू सुरक्षित
रिपोर्ट्स के अनुसार, आकासा एयर का विमान दिल्ली से हैदराबाद के लिए उड़ान भरने वाला था, लेकिन टक्कर के बाद उसे वापस बे पर ले जाया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों और क्रू मेंबर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

स्पाइसजेट का बयान
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि टैक्सीइंग के दौरान यह हादसा हुआ, जिसमें उनके विमान के दाहिने विंगलेट और दूसरी एयरलाइन के विमान के बाएं हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।