Delhi Nature Bazaar Fire Case: साउथ दिल्ली के अंधेरिया मोड़ इलाके में आज 15 मार्च रविवार को सुबह आग लग गई। इस घटना में करीब 50 दुकानें जलकर खाक हो गई। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस टीम समेत दमकल विभाग की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद आग बुझाने का अभियान चलाया गया है। आग लगने के सटीक कारणों का अब तक पता नहीं लग पाया है। हालांकि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पूरा मामला लाडो सराय क्षेत्र में अंधेरिया मोड़ के पास नेचर बाजार बताया जा रहा है। नेचर बाजार में हस्तशिल्प और अन्य सामान बेचने वाली कई अस्थायी अर्ध-स्थायी दुकानों का संचालन किया जाता है। अग्निशमन विभाग का कहना है कि आग लगने के बारे में आज सुबह करीब साढ़े 7 बजे पता चला, जिसके बाद घटनास्थल पर दमकल की 10 गाड़ियां भेजी गईं। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते कई दुकानों में फैल गई, जिसकी वजह से दुकानें जलकर खाक हो गई।
दुकानदारों को हुआ नुकसान
दुकानें जल जाने की वजह से विक्रेताओं को भारी नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इसकेअलावा दमकल विभाग द्वारा घटनास्थल पर अब भी आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आग किन कारणों से लगी है, इसका अभी पता नहीं लग पाया है। अगर इस घटना में किसी लापरवाही की बात सामने आती है तो, उस शख्स के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।