दिल्ली पुलिस ने रोहिणी मर्डर केस सुलझाते हुए दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ लूट, डकैती, छीनाझपटी और हत्या प्रयास के 8 से 9 मामले दर्ज हैं।

दिल्ली के पॉश इलाकों में शुमार रोहिणी में एक व्यक्ति की चाकू से मारकर हत्या करने और दूसरे को घायल करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान 29 वर्षीय रोहित और 23 वर्षीय दुर्गेश उर्फ दुर्गी के रूप में हुई है। दोनों आरोपी रोहिणी के सेक्टर-23 के रहने वाले हैं। 

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 16 फरवरी की शाम 7 बजे पीसीआर पर जानकारी मिली थी कि रोहिणी के सेक्टर 23 में दो लोगों पर चाकू से हमला हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने अमरनाथ यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं इस वारदात में श्रीराम यादव भी घायल हुआ। बदमाशों ने उनसे मोबाइल फोन भी छीन लिया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को लेकर तुरंत जांच शुरू कर दी। 

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी जांच से पता चला कि घटना वाले दिन क्राइम स्पॉट के पास एक स्कूटर देखा गया। इसके बाद पुलिस ने स्कूटर का नंबर ट्रेस कर संदिग्ध रोहित को गुरुवार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उससे पूछताछ के बाद पता चला कि इस वारदात में उसका साथी दुर्गेश भी शामिल था। पुलिस तुरंत उसके ठिकाने पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। 

यह भी पढ़ें : सराय काले खां निजामुद्दीन मेट्रो स्टेशन के पास रोजाना भारी जाम, दिल्ली हाईकोर्ट ने दिया ये आदेश
यह भी पढ़ें : देश में एक भी बाबरी मस्जिद नहीं होनी चाहिए, इस मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया फैसला

पुलिस ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल चाकू और स्कूटर के साथ ही खून से सने कपड़े बरामद कर लिया हैं। साथ ही, अमरनाथ और श्रीराम से लूटे गए मोबाइल को भी बरामद कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी दोनों से लूटपाट करना चाहते थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर चाकू से हमला किया और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी रोहित पहले भी चोरी, छीनाझपटी और डकैती के 8 मामलों में संलिप्त पाया गया है। वहीं दुर्गेंश पर भी डकैती, छीनाझपटी और जानलेवा चोट पहुंचाने के 9 मामलों में आरोपी है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करके आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।