आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 'फांसी घर' विवाद में दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे, लेकिन उनके काफिले को विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। यहां तक कि उनके जेड प्लस सुरक्षाकर्मियों को ही दिल्ली विधानसभा के बाहर ही रोक दिया गया। यहां तक कि आम आदमी पार्टी, दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को भी एंट्री नहीं मिली, लेकिन आतिशी, मनीष सिसोदिया को केजरीवाल के साथ जाने दिया। आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को बड़ी साजिश बताया है।
आम आदमी पार्टी ने केजरीवाल की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए आपत्ति जताई कि केजरीवाल को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली है। उनके साथ सुरक्षाकर्मियों का जाना आवश्यक है। हालांकि विधानसभा में उनके साथ एक ही पुलिसकर्मी को प्रवेश की इजाजत नहीं दी गई। आम आदमी पार्टी ने इसे केजरीवाल की सुरक्षा से खिलवाड़ बताते हुए गंभीर मामला बताया है। वहीं अरविंद केजरीवाल ने इस बैठक की प्रासंगिकता पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि साल 2022 में मालूम हुआ कि दिल्ली विधानसभा में एक फांसी घर है। अब बीजेपी सरकार कह रही है कि यह फांसी घर नहीं बल्कि टिफिन घर है। यह देश के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली पानी के बढ़े हुए बिलों, गंदे पानी, स्कूलों की बढ़ी फीस और प्रदूषण से परेशान है लेकिन इन मुद्दों पर बात नहीं की जा रही है। मुझे बड़ी ख़ुशी होती जब कोई कमिटी मुझे दिल्ली के कामों पर चर्चा करने के लिए बुलाती, मैं भी अपने सुझाव देता लेकिन यह लोग फिजूल की बातों पर टाइम खराब कर रहे हैं, इन्हें दिल्ली की चिंता नहीं है।
सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पर साधा निशाना
आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा अरविंद केजरीवाल से डर रही है, जब हमारी सरकार थी, हमने मीडिया को कई मौकों पर इन्वाइट किया था। लेकिन भाजपा इतना डर रही कि लाइव प्रसारण तो दूर, पत्रकारों तक को अंदर नहीं आने दे रही है। पहली बार सुन रहे हैं किसी समिति ने पूर्व मुख्यमंत्री को ही बुला लिया हो लेकिन अरविंद केजरीवाल इससे नहीं डरते। डर भाजपा को लग रहा। इन्होंने हमें भी अंदर जाने से रोक लिया है।
आप कार्यकर्ता भारी संख्या में पहुंचे
अरविंद केजरीवाल ने आज सुबह ही ट्वीट कर जानकारी दी थी कि आज दोपहर तीन बजे दिल्ली विधानसभा की विशेषाधिकार समिति की बैठक में शामिल होने के लिए जाऊंगा। इस बैठक में फांसी घर विवाद पर चर्चा होनी है। इसके बाद से अंदाजा लग रहा था कि आम आदमी पार्टी के समर्थक भारी संख्या में दिल्ली विधानसभा परिसर के आसपास इकट्ठा हो सकते हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस ने भी पुख्ता सुरक्षा इंतजाम कर रखे थे।
बैठक में शामिल होने से पहले बड़ा झटका
बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने फांसी घर पर विशेषाधिकार समिति की बैठक का लाइव प्रसारण करने की मांग की थी। लेकिन, दिल्ली विधानसभा ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई नियम नहीं है, जो कि विशेषाधिकार समिति की बैठक को लाइव किया जा सके। यही नहीं, केजरीवाल की इस मांग को उनकी राजनीति समझ पर भी सवाल उठाए गए। यहां क्लिक कर पढ़िये संबंधित खबर
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी है, तो आप इस खबर को अवश्य शेयर कीजिए। दिल्ली से जुड़ी खबरों को पढ़ने के लिए हरिभूमि दिल्ली डिजिटल पर क्लिक कर सकते हैं।