MP Chandrasekhar: यूपी की नगीना लोकसभा सीट से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के नामकरण का मुद्दा उठाया है। उन्होंने मांग की है कि इस एक्सप्रेसवे का नाम डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाए। चंद्रशेखर आजाद एक सांसद के अलावा आजाद समाज पार्टी के संस्थापक भी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल 2026 को इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने वाले हैं और 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती है। उद्घाटन के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर काफी आसान हो जाएगा। पहले यह यात्रा काफी लंबी थी क्योंकि पहले दिल्ली से देहरादून जाने के लिए साढ़े 6 घंटे का समय लगता था लेकिन दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद यह यात्रा सिर्फ ढाई घंटे में पूरी हो सकेगी। यह एक्सप्रेसवे लोगों के लिए बड़ा ही फायदेमंद साबित होगा।
चंद्रशेखर आजाद ने पत्र में लिखा कि 14 अप्रैल अंबेडकर जी की जयंती का दिन है। इसलिए एक्सप्रेसवे का नाम संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के नाम पर होना चाहिए। उन्होंने इसे सम्मान की बात बताया है। सांसद ने कहा कि इस नाम से बाबा साहेब के योगदान को याद रखा जाएगा। एक्सप्रेसवे का काम पहले 2023-24 में पूरा होना था। अब इसमें दो साल की देरी के बाद 14 अप्रैल को इसका उद्घाटन होगा।
यह एक्सप्रेसवे दिल्ली और देहरादून को बेहतर तरीके से जोड़ेगा। यात्रा का समय कम होने से लोगों के समय और ईंधन की बचत होगी। रोजाना आने-जाने वाले लोगों और पर्यटकों को काफी सुविधा होगी। सांसद चंद्रशेखर आजाद ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से इस मांग पर ध्यान देने की अपील की है। अब देखना होगा दिलचस्प होगा कि सरकार इस नामकरण के मामले पर क्या फैसला लेती है।