कश्मीरी गेट इलाके में अंतराज्ययीय बस टर्मिनल के पास गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला दिल्ली हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। लॉरेंस बिश्नोई के वकील ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग वाली याचिका दायर की है। दिल्ली उच्च न्यायालय ने आज इस याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।
वकील की कार में पांच लोग थे सवार
लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री की कार में जिस समय गोलीबारी हुई, उस वक्त खत्री के अलावा पांच लोग सवार थे। इस फायरिंग में कार सवार एक व्यक्ति के कंधे में गोली लगी थी। इलाज के बाद उसकी हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई गई थी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1)(हत्या का प्रयास), 3(5) (आपराधिक षड्यंत्र) और शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था।
पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम पर हमला करने वाले रोहित गोदारा गैंग के मुख्य आरोपी रोहित सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रोहित बैंकॉक भाग गया था, जहां से उसे दुबई जाना था। लेकिन एयर टिकट न मिलने की वजह से भारत वापस आ गया और दिल्ली की नार्थ जिला पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
वकील दीपक खत्री का कहना है कि अभी भी उसकी और उसके परिवार की जान को गंभीर खतरा है। ऐसे में उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट से सुरक्षा की अपील की है। दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर दिया है। मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार 13 मार्च को होगी।