कन्हैया कुमार पर हमले मामले में एक्शन: दिल्ली पुलिस ने पिटाई करने वाले एक आरोपी को पकड़ा, 1 अब भी फरार

Kanhaiya Kumar
X
उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से चुनाव लड़ सकते हैं कन्हैया कुमार।
उत्तर पूर्वी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार के साथ मारपीट व स्याही फेंकने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है।

Kanhaiya Kumar Attack Case: उत्तर पूर्वी लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया के साथ 17 मई को मारपीट व स्याही फेंकने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का नाम न्यू उस्मानपुर निवासी अजय कुमार बताया गया है। घटना उस वक्त हुई थी जब कन्हैया न्यू उस्मानपुर चौथे पुश्ता इलाके में चुनाव प्रचार कर रहे थे। घटना का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था। वीडियो में कार्यकर्ता आरोप लगा रहे थे कि भारत के टुकड़े-टुकड़े का नारा लगाने वालों का यही हाल करेंगे। देश का अपमान वह किसी कीमत पर नहीं सहेंगे।

मुख्य आरोपी अभी भी फरार

सूत्रों का कहना है कि इस मामले में मुख्य आरोपी दक्ष चौधरी है, जो अभी फरार है। इस मामले में पार्षद छाया शर्मा ने न्यू उस्मानपुर थाने में लिखित शिकायत दी थी। आरोप लगाया था कि उनके कार्यालय में लोकसभा चुनाव को लेकर बैठक थी। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार आए हुए थे। बैठक खत्म होने पर जब सब लोग बाहर जाने लगे तभी कुछ लोग आए और कन्हैया कुमार को पीटने लगे। उनके साथ भी बदसलूकी की गई थी।

AAP दफ्तर पहुंचे थे कन्हैया कुमार

दरअसल, कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार शुक्रवार यानी 17 मई को प्रचार के लिए न्यू उस्मानपुर में करतारनगर स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय पहुंचे। मीटिंग पूरी होने के बाद कन्हैया आम आदमी पार्टी की पार्षद छाया के साथ नीचे आए। इस दौरान नारेबाजी करते हुए कुछ लोग कन्हैया के पास आए। भीड़ में शामिल एक शख्स ने माला पहनाने के दौरान कन्हैया को थप्पड़ मार दिया। स्याही भी फेंक दी। इसके बाद लोगों ने कन्हैया को काले झंडे दिखाए। गो बैक का नारा भी लगाया।

मनोज तिवारी पर हमला कराने का लगाया आरोप

कन्हैया कुमार ने घटना के बाद वहां कार पर चढ़कर लोगों को ललकारा। कन्हैया ने भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी पर चुनाव हारने के डर से गुंडे भेजकर हमला करने का आरोप लगाया। कन्हैया ने कहा कि भाजपा 400 पार नहीं, लोकतंत्र को खत्म करने की तैयारी कर रही है। हमारा मुकाबला अन्याय से है। मैं डरने वाला नहीं हूं। जनता 25 मई को अपने वोट से इसका जवाब देगी।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story