Janakpuri Bike Accident: दिल्ली के जनकपुरी में गड्ढे में गिरकर युवक की मौत मामले में पुलिस ने अदालत को दी अहम जानकारी दी है,यहां पढ़ें रिपोर्ट...

Janakpuri Bike Accident: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में कुछ दिन पहले  जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरकर एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। इस मामले को लेकर दिल्ली पुलिस ने बीते दिन यानी शुक्रवार को अदालत में अहम जानकारी दी है। अदालत में IO ने बताया कि  गिरफ्तार मजदूर योगेश को हादसे के बाद सड़क पर बैरिकेड और पर्दे लगाकर घटनास्थल को कवर करते हुए CCTV फुटेज में देखा गया था।  

पुलिस ने अदालत को बताया कि जनकपुरी हादसे मामले की शुरुआती जांच में  पता लगा है कि DJB ठेकेदार ने चेतावनी बोर्ड और बैरिकेड लगाने जैसे कोई सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए थे। जस्टिस मजिस्ट्रेट हरजोत सिंह औजला ने मामले में जांच अधिकारी (आईओ) से स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को भी कहा था।

रिपोर्ट में कहा गया है कि,' जांच के तहत CCTV फुटेज को  खंगालने पर पता चला कि  ठेकेदार और उसके मजदूरों द्वारा खुदाई स्थल के आसपास कोई एहतियाती उपाय (सावधानी बोर्ड, बैरिकेड आदि) का पालन नहीं किया गया था, जिसके परिणामस्वरूप बाइक सवार गड्ढे में गिर गया और उसकी मौत हो गई।'

आईओ ने अदालत से क्या कहा ?

बता दें कि जनकपुरी में 5 फरवरी के दिन 25 साल के प्राइवेट बैंक के कर्मचारी कमल ध्यानी की देर रात दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए 15 फुट गहरे गड्ढे में गिरकर मौत हो गई थी। जांच अधिकारी ने अदालत को यह भी बताया कि घटनास्थल पर उस दौरान 2 सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे थे।

इस मामले में अब तक 2 को गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं DJB के 3 अधिकारियों को सस्पेंड भी कर दिया गया है। पुलिस ने अब इस मामले में सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति और एक मजदूर योगेश को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें अब  न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।   

इस मामले की जांच कर रहे इनवेस्टिगेशन ऑफिसर (IO) को जज औजला ने निर्देश दिया है कि इस मामले में अगली सुनवाई 20 फरवरी के दिन स्थिति को लेकर  नई स्टेटस रिपोर्ट पेश करें। वहीं पीड़ित पक्ष के वकीलों ने अदालत से कहा है कि CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों के साथ छेड़छाड़ की संभावना है, ऐसे में उन्हें सुरक्षित रखना जरूरी है।  

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।