Greater Noida Students Suicide: ग्रेटर नोएडा में AWHO सोसाइटी स्थित एक हॉस्टल में बीते दिन यानी मंगलवार को B.Tech के छात्र का शव फंदे से लटका मिला है। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। संभावना जताई जा रही है कि प्रेम प्रसंग के चलते छात्र ने आत्महत्या की है, हालांकि पुलिस दूसरे पहलुओं से भी मामले की जांच कर रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक की पहचान 19 साल के गौरव के तौर पर हुई है। गौरव मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी का रहने वाला था। पुलिस जांच में सामने आया है कि गौरव ग्रेटर नोएडा की गलगोटिया यूनिवर्सिटी से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। गौरव AWHO सोसाइटी में भगत सिंह छात्रावास में रहता था। बीते दिन गौरव ने अपने हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हॉस्टल प्रशासन को जब इस बारे में पता लगा, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया है।
मृतक ने महिला को किया था मैसेज
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आत्महत्या करने से पहले मृतक ने एक महिला को फोन पर मैसेज भेजा था। पुलिस ने संभावना जताई है कि प्रेम संबंध के चलते छात्र ने आत्महत्या कर ली है। आज पोस्टमार्टम के बाद छात्र का शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जिसके बाद परिजन उसका शव लेकर अपने पैतृक गांव चले गए हैं।
हालांकि मृतक के परिजन की तरफ से इस मामले में अब तक कोई शिकायत नहीं दी गई है। यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा छात्र के अभिभावकों से बातचीत की जाएगी, वहीं पुलिस ने भी छात्र का मोबाइल फोन और उसके संपर्क में रहने वाले साथियों से पूछताछ करके आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।