Baba Bageshwar Dham: बागेश्वर बाबा के दरबार में महिला की चेन छीनी, जांच में जुटी पुलिस

Bageshwar Dham Dhirendra Shastri darbar
X
बागेश्वर बाबा के दरबार में महिला की चेन छीनी।
बागेश्वर बाबा के दरबार में एक महिला की सोने की चेन छीन ली गई। पीड़ित महिला ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है।

Delhi: उत्तर पूर्वी दिल्ली के चौथे पुस्ते पर आयोजित बागेश्वर बाबा के दरबार में गुरुवार को पहले ही दिन एक महिला की सोने की चेन छीन ली गई। चेन छीनने का आरोप भी एक महिला पर ही लगा है। पीड़ित महिला ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। न्यू उस्मानपुर थाने की पुलिस शिकायत लेकर तफ्तीश करने की बात कह रही है।

पंडाल में तोड़ी सोने की चेन

पुलिस को दी शिकायत में सुमन शर्मा नामक महिला ने बताया कि वह करतार नगर इलाके में परिवार के साथ रहती है। गुरुवार को उन्हें बागेश्वर बाबा के दरबार के बारे में पता चला था। इसके बाद वह दरबार में कथा सुनने पहुंची थी, लेकिन उसी दौरान पंडाल में एक अन्य महिला ने उन्हें जोर से धक्का देते हुए उनकी सोने की चेन तोड़ ली। धक्के की वजह से सुमन नीचे गिर गई थी। जब तक वह खुद को संभाल पाती धक्का देने वाली महिला भीड़ में गायब हो गई।

सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस

उन्होंने महिला को काफी तलाश किया, लेकिन उसका कुछ अता पता नहीं चल पाया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस का दरवाजा खटखटाया है। न्यू उस्मानपुर पुलिस को चेन छीने जाने की शिकायत दी गई है। पीड़ित महिला की शिकायत पुलिस ने रिसीव कर दी है। पुलिस पंडाल में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने की बात कह रही है।

महिला पीड़ित ने बताया कि बाबा के दरबार के पहले दिन श्रीहनुमंत कथा आयोजित की गई थी। हर बार की तरह ही इस बार भी बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने वालों की काफी भीड़ वहां पहुंची थी। इसी भीड़ का फायदा चोर झपटमारों ने उठाया और उनकी चेन पर हाथ साफ कर दिया। वहीं, पुलिस का कहना है कि इस तरह के आयोजनों के अक्सर लोगों के सामान आदि चोरी होना आम है। पुलिस की तरफ से लोगों से अपील की गई है कि वह अपने सामान व गहनों का ख्याल रखें। हो सके तो गहनें व कीमती सामान दरबार में ना लाएं।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo

Tags

Next Story