Gangster Lawrence Bishnoi: दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर बीती देर रात कार में सवार 5 लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक व्यक्ति (वकील) के घायल होने की सूचना है। वहीं अन्य 4 लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हमलावर फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। ऐसा भी कहा जा रहा है कि जिसे गोली लगी है, वो गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का वकील है। हालांकि पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया से बात करते हुए कार पर हुई फायरिंग पर DCP नॉर्थ राजा भंटिया ने कहा, 'यह घटना रात करीब 10:10 बजे कश्मीरी गेट के पास हुई। गाड़ी में पांच लोग घर लौट रहे थे, तभी फायरिंग हुई। शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि हमले में तीन लोग शामिल थे, जिनमें से एक ने बाहर निकलकर कार पर फायरिंग की है।' उन्होंने यह भी कहा कि जिस व्यक्ति को गोली लगी है, उसे अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़ितों से हो रही पूछताछ
जॉइंट CP मधुर वर्मा ने कहा, 'दीपक खत्री एक वकील हैं। उनके साथ चार साथी थे। वे रात करीब 10:30 बजे कश्मीरी गेट इलाके में अपनी कार से ISBT जा रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, स्कूटर पर सवार तीन अनजान हमलावरों ने, जिनमें से एक हथियारबंद था, गोलियां चलाईं। उनके एक साथी संदीप के कंधे में गोली लगी है। वह सुरक्षित है। हम दीपक खत्री और उनके साथियों के डिटेल्ड बयान ले रहे हैं। उन्होंने कुछ इस तरह की रिपोर्ट दी है (कि दीपक खत्री को शहजाद भट्टी से धमकियां मिलीं), हम सभी एंगल से जांच कर रहे हैं।'
हनुमान मंदिर के बाहर फायरिंग
पुलिस पूछताछ में कार में सवार पीड़ित विक्की ने बताया कि 'हमने कुछ नहीं देखा क्योंकि हम पर पीछे से गोली चलाई गई थी। पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति को गोली लगी। यह हनुमान मंदिर के ठीक बाहर हुआ, हम मंदिर के अंदर थे। हम अभी-अभी बाहर आए थे।' फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है, ताकि पूरे मामले की खुलासा हो सके।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।