दिल्ली में फर्जी बाबा गिरफ्तार: साधु बनकर नौ सेना अधिकारी की पत्नी से जूलरी उतरवाई, एक ज्वेलर समेत तीन अरेस्ट

Symbolic picture.
X
प्रतीकात्मक तस्वीर।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी नकली सांप दिखा कर लोगों के साथ ठगी करने वाले फर्जी बाबा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नौ सेना अधिकारी की पत्नी से जूलरी लेकर फरार हो गया था।

Delhi Crime News: आरके पुरम थाना पुलिस ने एक ज्वेलर समेत तीन लोगों को अरेस्ट किया है। इनके पास से एक सोने की अंगूठी, ऑटो रिक्शा, एक नकली सांप, साधु की पोशाक, एक लौटा और बैग बरामद हुआ है। आरोपियों के नाम देबू नाथ, विनोद कामत और राजेन्द्र शर्मा है। तीनों शकूर बस्ती और निहाल विहार एरिया के रहने वाले हैं। गत दिनों एक नौ सेना अधिकारी की पत्नी को सांप का डर दिखाकर जूलरी उतरवाने के केस में यह गिरफ्तारी की गई है।

डीसीपी रोहित मीना के अनुसार, पांच अप्रैल को सुबह लगभग साढ़े 10 बजे अफ्रीका एवेन्यू रोड रेड लाइट पर साधु के भेष में कुछ व्यक्तियों द्वारा नौसेना अधिकारी की पत्नी की जूलरी उतरवाई थी। साधू के भेष में कुछ लोगों ने पहले अधिकारी की पत्नी को सांप का डर दिखाकर जूलरी उतरवाई और फिर चकमा देकर फरार हो गए थे।

सीसीटीवी की मदद से किया ट्रेस

इसके बाद आरके पुरम थाने में शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया था। स्थानीय थानाध्यक्ष रविन्द्र त्यागी के नेतृत्व में जांच टीम ने पाया कि बदमाश रिंग रोड के रास्ते ऑटो रिक्शा से भागे थे। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने ऑटो के नंबर को ट्रेस किया।

सांप दिखाकर करते थे लोगों से ठगी

वह किराड़ी सुलेमान नगर निवासी सुनीता देवी के नाम पर पंजीकृत मिला। महिला ने बताया कि ऑटो उसने विनोद कामत को किराए पर दे रखा है। इसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। आरोपी देबू नाथ काना सपेरा जनजाति से संबंध रखता है। वह अपने साथियों के साथ रेड लाइट और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सांप दिखाकर लोगों के साथ ठगी करता था।

एक ज्वेलर समेत तीन अरेस्ट

विनोद कामत पेशे से ऑटो चालक है। इसी महीने वह गैंग का हिस्सा बना था। वहीं, राजेन्द्र शर्मा केवल चांदी के आभूषणों का कारोबार करता है। लालच में उसने इस गिरोह से कम कीमत पर आभूषण खरीदना शुरू किया था।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story