Delhi Water Supply Alert: दिल्ली में अगले 2 दिन यानी 10 और 11 अप्रैल को पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। इसे लेकर दिल्ली जलबोर्ड द्वारा कहा गया है कि पंपिंग स्टेशन और जमीन के नीचे बने टैंकों की वार्षिक साफ-सफाई का काम किया जाएगा, जिसकी वजह से इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
इसे देखते हुए दिल्ली जल बोर्ड ने चेतावनी जारी करके लोगों को पहले से पानी स्टोर करने की सलाह दी है। दिल्ली जल बोर्ड ने एक्स पर लिखा है कि 'UGR यानी जमीन के नीचे बने पानी के टैंक और बूस्टर पंपिंग स्टेशन के सालाना साफ-सफाई प्रोग्राम के तहत 10 और 11 अप्रैल को दिल्ली के कई इलाकों में पानी की सप्लाई पर असर पड़ेगा। ऐसे में यहां रहने वालों को सलाह दी जाती है कि पहले से ही एक्स्ट्रा पानी को स्टोर कर लें।'
अधिकारियों का कहना है कि साफ-सफाई का कार्य हर साल नियमित रूप से किया जाता है, ताकि पानी की क्वालिटी को बेहतर किया जा सके, और सप्लाई सिस्टम सुचारु तौर पर चलता रहे। ऐसे में पानी के टैंकों और पंपिंग सिस्टम की सफाई की जाती है, जिससे पाइपलाइन में जमा गंदगी और अशुद्धियों को साफ किया जा सके। इसी वजह से रखरखाव काम के चलते जल आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित रहेगी या पानी का दबाव कम हो सकता है।
किन इलाकों में नहीं आएगा पानी ?
दिल्ली जलबोर्ड द्वारा जारी सूचना के मुताबिक 10 अप्रैल को मंगोलपुर कलां गांव, मुबारकपुर गांव और कराला गांव में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। इसके अलावा 11 अप्रैल को मुबारकपुर गांव में पानी नहीं आएगा। लोगों की सहूलियत को ध्यान में दिल्ली जलबोर्ड ने पानी का टैंकर मंगाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों पर संपर्क करके लोग जरूरत के समय पानी मंगवा सकते हैं।