Uttam Nagar East Metro Suicide: उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो ट्रैक पर शख्स ने आज छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Uttam Nagar East Metro Suicide: दिल्ली मेट्रो के उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर एक बार फिर एक शख्स ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो ट्रैक पर आज 24 फरवरी मंगलवार को सुबह व्यक्ति ने कूदकर खुदकुशी कर ली। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जिसके बाद शव को ट्रैक से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मामले के बारे में मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।   

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 45 साल के महाराज सिंह के तौर पर हुई है। मृतक राजस्थान के करौली का रहने वाला था, और पुताई का काम करता था।  DCP ने कहा कि जांच में सामने आया है कि मृतक कई साल से तनाव से जूझ रहा था, जिसका राम मनोहर लोहिया अस्पताल में ईलाज भी चल रहा था।

अस्पताल में चल रहा था इलाज

जांच में यह भी सामने आया है कि महाराज सिंह बीते दिन यानी 23 फरवरी को भी अस्पताल गया था, इसके अलावा वह दिल्ली अपने बड़े भाई की बेटी की शादी में शामिल होने के इरादे से आया था। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिवार पत्नी के अलावा 18 साल की बेटी और 17 और 20 साल के दो बेटे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया है, वहीं मामले में BNSS की धारा 194 के तहत जांच शुरू कर दी गई है।

नाबालिग ने भी की थी खुदकुशी

बता दें कि 20 फरवरी शुक्रवार को भी एक 17 साल के लड़के ने उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन पर चलती मेट्रो ट्रेन के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद  मेट्रो कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने शव को ट्रैक से हटा दिया था। मृतक की पहचान अश्विनी डागर के तौर पर हुई थी, वह नजफगढ़ का रहने वाले था। पुलिस जांच में सामने आया था कि12वीं पास अश्विनी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वहीं मृतक के निजी जीवन में भी कुछ ठीक नहीं चल रहा था। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।   

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए  haribhoomi.com के साथ।