Delhi Police: दिल्ली के गाजीपुर इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां एक फ्लैट में संदिग्ध रासायनिक गंध की चपेट में आने से 2 बहनें बेहोश गई। दोनों बहनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां एक बहन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि अभी इस बात का पता नहीं चला है कि आखिर फ्लैट में रासायनिक गंध कहां से आई है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
क्या है पूरा मामला ?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला मयूर विहार फेज-3 में आशीर्वाद अपाटमेंट के फ्लैट का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें बीते दिन रविवार को दोपहर करीब 2 बजकर 19 मिनट पर एक PCR कॉल मिली, जिसमें एक फ्लैट से किसी संदिग्ध केमिकल की गंध आने की सूचना दी गई थी।
बताया गया कि उस फ्लैट में दो बच्चे अपनी माँ की मौजूदगी में बेहोश हो गए थे। दोनों बच्चों को तुरंत नोएडा के सेक्टर-11 स्थित मेट्रो अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने सना खातून (2.5 साल) को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी बहन राफिया खातून (7.5 साल) की हालत स्थिर और सुरक्षित पाई गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुँच गईं। क्राइम टीम और DDMA की टीम ने परिसर का निरीक्षण किया, लेकिन उन्हें वहाँ किसी भी तरह की गड़बड़ी के तत्काल कोई संकेत नहीं मिले। परिसर में किसी भी संभावित केमिकल रिसाव की जाँच के लिए FSL रोहिणी से एक केमिकल विशेषज्ञ को बुलाया गया है।
बच्चियों की मां ने क्या कहा ?
पुलिस अधिकारी के मुताबिक 'बच्चियों की मां ने अपने शुरुआती बयान में पुलिस को बताया कि दोनों बच्चियां कमरे के अंदर एक साथ खेल रही थीं, तभी अचानक वे एक-दूसरे पर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं।' बच्चियों के पिता पेशे से दर्जी हैं, घटना के समय वे घर पर नहीं थे। लेकिन सूचना मिलते ही वे तुरंत घर पहुंचे। फिलहाल पुलिस ने इस मामले की जाँच-पड़ताल शुरू कर दी है।