haribhoomi hindi news
Delhi Pickle Factory Incident: दिल्ली के नांगलोई में अचार की फैक्ट्री में दम घुटने से पिता और बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

Delhi Pickle Factory Incident: दिल्ली के नांगलोई से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर एक अचार बनाने वाली फैक्ट्री में दम घुटने से पिता और बेटे की मौत हो गई। मृतकों में फैक्ट्री का मालिक और उसका बेटा शामिल है। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद शवों को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।  

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बीते दिन यानी 7 मार्च शनिवार की शाम को हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राव विहार स्थित एक घर में अचार बनाने की फैक्ट्री चल रही थी। ग्राउंड फ्लोर पर अचार बनाने का काम होता था। 60 साल का अनिल अपने परिवार के साथ फर्स्ट फ्लोर पर रहता था। ऐसा भी सामने आया है कि फैक्ट्री में अचार बनाने के लिए 10 फीट गहरे 4-5 कुएं बने हुए हैं। बीते दिन शनिवार को एक मजदूर काम करते हुए कुएं में उतर गया था। कुएं में दम घुटने से वह मजदूर अचानक बेहोश हो गया था।

कैसे हुआ हादसा ?

मजदूर को बचाने के लिए मालिक अनिल तुरंत कुएं में उतर गए, यह देखकर अनिल का 32 साल का बेटा नीरज और 28 साल का संदीप भी पिता की मदद करने के लिए कुएं में उतर गए। लेकिन कुएं में दम घुटने से मजदूर समेत मालिक और उसके दोनों बेटे बेहोश हो गए। ये देखकर अनिल का भाई सुभाष ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद शोर सुनकर मौके पर अन्य लोग भी आ गए। एक-एक करके सभी को कुएं से बाहर निकाला गया और उन्हें तुरंत संजय गांधी अस्पताल भर्ती करवाया गया।

पुलिस जांच में जुटी

लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान फैक्ट्री मालिक अनिल और उनके बेटे नीरज को मृत घोषित कर दिया। वहीं मजदूर और मृतक के दूसरे बेटे संदीप का अभी इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में दम घुटने की वजह से मौत का मामला लग रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता लग पाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।  

7