Delhi Murder Case: दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से चाकूबाजी का मामला सामने आया है, जिसमें 19 साल के लड़के की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि हमला करने वाले नाबालिग आरोपी हैं। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हत्या के पीछे की वजह का अभी पता नहीं लग पाया है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक की पहचान 19 वर्षीय रोहन के तौर पर हुई है। रोहन सुल्तानपुरी के E-ब्लॉक में रहता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि रोहन का किसी बात को लेकर आरोपियों से झगड़ा हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि रोहन पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
हमले में रोहन बुरी तरह घायल हो गया और मौके पर ही गिर गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तुरंत फरार हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दे दी। गंभीर हालत में रोहन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही जांच
वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत इकट्ठा किए। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है, और मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस वजह से मृतक का आरोपियों से झगड़ा हुआ था, और हत्या के पीछे की सटीक वजह क्या रही है।