Delhi Murder Case: दिल्ली में 18 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

Delhi Murder Case: दिल्ली के भजनपुरा में 18 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवक की हत्या की वजह का अब तक पता नहीं लग पाया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूरा मामला भजनपुरा के सुभाष मोहल्ले का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान 18 साल के मोहम्मद आसिफ के तौर पर हुई है। आसिफ सुभाष मोहल्ले का रहने वाला था। पुलिस जांच में सामने आया है कि बीती रात कृष्णा मंदिर के पास आसिफ पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया था।

जिसके बाद घायल होकर आसिफ घटनास्थल पर गिर गया। मामले के बारे में पता लगने पर पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो तब तक घायल को उसके परिवार वाले जग प्रवेश चंद्र (JPC) अस्पताल ले जा चुके थे, लेकिन इलाज के दौरान आसिफ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

पुलिस का कहना है कि शव को फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल भेज दिया गया है। इसके अलावा आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आसिफ की हत्या के पीछे क्या वजह रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।