Delhi-Meerut Expressway: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे-9 पर NHAI द्वारा 5 फीसदी टोल टैक्स बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

Delhi-Meerut Expressway: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे-9 (NH-9) जाने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि NHAI द्वारा तीनों रास्तों पर  टोल दरों में 5 फीसदी तक बढ़ोतरी करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा एनुअल फास्टैग भी अब 75 रुपये महंगा होकर 3,075 रुपये तक हो जाएगा। 31 मार्च को रात 12 बजे से बढ़ी हुई दरें लागू कर दी जाएंगी।  

जानकारी के मुताबिक, मौजूदा समय में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सराय काले खां से मेरठ तक कार  और जीप की टोल दरें 170 रुपये बताई जा रही हैं। हल्के व्यावसायिक वाहन  का एक तरफ का मेरठ तक टोल 275 रुपये है। बस-ट्रक की टोल दरें 580 रुपये है।

इसके अलावा NH-9 पर कार, जीप की मौजूदा दरें 175 रुपये, हल्के कॉमर्शियल वाहनों की 280 रुपये, बस-ट्रक के 590 रुपये है। NHAI के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार का कहना है कि टोल की दरों में 5 फीसदी बढ़ोतरी की योजना है, वहीं नई दरों को 31 मार्च की रात को पब्लिक कर दिया जाएगा।  

NHAI ने 15 मार्च को आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए फास्टैग वार्षिक पास की लागू फीस में बदलाव करने की घोषणा कर दी थी। इस फैसले के तहत  एनुअल पास के रेट 3,000 रुपये से बढ़ाकर 3,075 रुपये करने का फैसला लिया गया है।

NHAI का कहना है कि यह संशोधन  राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दरें तय करने और संग्रह) नियम, 2008 के प्रावधानों के तहत किया गया है। इन संशोधित दरों को सभी पात्र गैर-व्यावसायिक वाहनों पर लागू किया जाएगा, जो वैध फास्टैग के माध्यम से देश भर के करीब 1,150 टोल प्लाजा पर वार्षिक पास सुविधा का लाभ लेना चाहते हैं। 

वार्षिक पास से क्या फायदे होंगे ?

  • उपयोगकर्ताओं को अपने फास्टैग को बार-बार रिचार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 
  • निर्धारित शुल्क का भुगतान हो जाने के बाद यह पास 1 साल या संबंधित वाहन द्वारा 200 टोल प्लाजा पार करने के लिए मान्य होता है। 
  • नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे पर यात्रा को अधिक सुगम और सरल बनाएगा। 
  • एनुअल पास को एक्टिव करने के लिए वाहन मालिक 'राजमार्ग यात्रा' ऐप या NHAI के आधिकारिक वेबसाइट की सहायता से एकमुश्त शुल्क का भुगतान कर सकेंगे। शुल्क का भुगतान करने के बाद केवल 2 घंटे के भीतर वाहन से जुड़ा मौजूदा फास्टैग वार्षिक पास के रूप में सक्रिय हो जाता है।