Delhi Mayor Elections 2025: भारतीय जनता पार्टी के राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली मेयर चुनाव में जीत हासिल कर ली है। उनकी जीत के बाद से दिल्ली बीजेपी में जश्न का माहौल है। आम आदमी पार्टी ने इस मेयर चुनाव से दूरी बना रखी थी। ऐसे में पहले से तय था कि मेयर पद बीजेपी के पास जाएगा। वहीं, डिप्टी मेयर पद के लिए जयभगवान यादव ने जीत हासिल कर ली है।
दिल्ली के नए मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा, 'मैं दिल्ली के सभी लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं क्योंकि उन्होंने ही मुझे जनता की सेवा करने का अवसर दिया है। मैं दिल्ली के विकास के लिए कार्य करूंगा। हम दिल्ली की गलियों और नालों की सफाई करेंगे, ये भी सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली में कहीं भी पानी जमाव न हो। पिछले ढाई साल से एमसीडी में कोई भी विकास संबंधी कार्य नहीं हो रहा था। साथ ही, पिछले 10 साल से दिल्ली राज्य में भी विकास कार्य नहीं हो रहे थे।'
डिप्टी मेयर बोले- अब दिल्ली में ट्रिपल इंजन सरकार
डिप्टी मेयर चुने जाने के बाद बीजेपी नेता जयभगवान यादव ने कहा, 'अब दिल्ली में ट्रिपल इंजन सरकार है और हम आने वाले तीन महीनों में दिल्ली को साफ स्वच्छ कर देंगे। हम दिल्ली के विकास के लिए कार्य करेंगे।'
आप ने किया मेयर चुनाव का बहिष्कार
आम आदमी पार्टी ने मेयर चुनाव का बहिष्कार करते हुए कहा था कि मेयर और डिप्टी मेयर पद पर उम्मीदवार नहीं उतारे जाएंगे। गुरुवार को इस मुद्दे पर पूर्व मेयर डॉ. शैली ऑबेरॉय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया था कि आम आदमी पार्टी इस चुनाव में उम्मीदवार नहीं उतार रही है। हम चाहते हैं कि दिल्ली में ट्रिपल इंजन सरकार काम करके दिखाए और बिना आरोप-प्रत्यारोप के जनता से किए सभी वादों को पूरा कर सके।
ये भी पढ़ें: Delhi Mayor Election: जानें कौन हैं सरदार राजा और जय भगवान?... बीजेपी ने मेयर चुनाव के लिए बनाया उम्मीदवार
'पार्टी क्रॉस वोटिंग की आशंका से डर गई है' - प्रवीण शंकर
वहीं बीजेपी के दिल्ली प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, 'पार्टी क्रॉस वोटिंग की आशंका से डर गई है, जिसके कारण वो महापौर चुनाव से पीछे हट गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि 'आप' के पार्षद पार्टी लाइन से अलग चलना चाहते हैं। बीजेपी की तरफ से दावा किया गया कि दिल्ली को अब बीजेपी का मेयर और ट्रिपल इंजन सरकार के विकास का अवसर मिलने वाला है।
किसके पास कितनी सीटें?
जानकारी के अनुसार, एमसीडी में 250 पार्षद की सीटें हैं। वर्तमान समय में 238 पार्षद हैं। इनमें से 11 सीटें दिल्ली विधानसभा और एक सीट लोकसभा के बाद से खाली हैं। वहीं बीजेपी के पास कुल 250 में 117 पार्षद हैं। बीजेपी के पास 2022 में मात्र 104 पार्षद ही थे। वहीं पहले आम आदमी पार्टी के पास 134 पार्षद थे, जो संख्या घटकर अब 113 हो गई है।
बता दें कि मेयर चुनाव के लिए निर्वाचन मंडल में 238 पार्षद, 10 सांसद और तीन विधायक हैं। विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने बीजेपी के 11 और आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों को निर्वाचक के रूप में नामित किया है।
ये भी पढ़ें: Gurugram Traffic Advisory: 1 महीने के लिए बंद रहेगी गुरुग्राम की ये सड़क, यहां पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी