Janakpuri Road Accident: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में गड्ढे में गिरने से कमल ध्यानी की मौत मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरी गिरफ्तारी की है। सब कॉन्ट्रैक्टर के बाद पुलिस ने अब उत्तर प्रदेश के इटावा से मजदूर/गार्ड योगेश को गिरफ्तार कर लिया, पुलिस द्वारा उसे दिल्ली लाया जा रहा है।
योगेश पर आरोप लगा है कि उसे रात में हादसे के बारे में पता लग गया, इसके साथ ही वह घटनास्थल पर भी मौजूद था। इसके बावजूद युवक की मदद करने के बजाय वह वहां से भाग गया था। पुलिस इस मामले में योगेश से पूछताछ करेगी।
आरोपी ने पीड़ित की नहीं की मदद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी योगेश को रात में ही घटना के बारे में पता लग गया था। जिसके बाद उसने हादसे के बारे में सब कॉन्ट्रैक्टर राजेश कुमार प्रजापति को भी बताया था। योगेश घटनास्थल पर पहुंचा लेकिन कुछ देर रुकने के बाद वहां पीड़ित की मदद करने के बजाय चला गया।
ऐसा भी सामने आया है कि मजदूर योगेश ने भी पुलिस या अन्य लोगों को इस बारे में नहीं बताया था। इस मामले में पुलिस कॉन्ट्रैक्टर राजेश कुमार प्रजापति को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, अब योगेश को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कॉन्ट्रैक्टर राजेश कुमार प्रजापति को अदालत में पेश करके 3 दिन रिमांड की मांगी, लेकिन ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने उसे 1 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
ड्यूटूी से घर लौटते वक्त हुआ था हादसा
5 फरवरी की रात को 25 साल का कमल ध्यानी अपनी ड्यूटूी से घर लौट रहा था, उस दौरान गड्ढे में गिरने से उसकी मौत हो गई थी। कमल ध्यानी और उनकी बाइक 15-20 फीट गहरे खुले गड्ढे में गिर गए थे। इस गड्ढा को दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने सीवर लाइन के लिए खोदा था, लेकिन वहां कोई बैरिकेड, चेतावनी के निशान, रिफ्लेक्टर या लाइट नहीं थी। कई घंटों तक कमल गड्ढे में पड़े रहे और अगली सुबह करीब 8 बजे उनका शव और बाइक बरामद की गई।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।